छ. संभाजीनगर में अवैध गर्भपात रैकेट का पर्दाफाश

जिला परिषद स्कूल के सामने ही चल रहे थे गलत काम

* दो बहनों को लिया हिरासत में, मुख्य नर्स फरार
छ. संभाजीनगर/दि.6 – छत्रपति संभाजीनगर शहर के पास सातारा इलाके में इंसानियत को कलंकित करने वाली एक घटना सामने आई है. जिला परिषद स्कूल के ठीक सामने अवैध गर्भपात करने वाले एक गिरोह का जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भंडाफोड़ किया. इस कार्रवाई में दो सगी बहनों सहित मरीज के पति को रंगेहाथ पकड़कर गिरफ्तार किया गया है. हालांकि, इस रैकेट की मास्टरमाइंड नर्स अभी भी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, सातारा गांव में जिला परिषद स्कूल के सामने वाले इलाके में अवैध गर्भपात किए जाने की सूचना प्रशासन को मिली थी. एक 23 वर्षीय विवाहित महिला को गर्भपात के लिए उसकी ननद और पति लेकर आए थे. उसी समय घात लगाकर बैठी टीम ने छापा मारा और इस रैकेट का भंडाफोड़ किया. इस कार्रवाई में पुलिस ने दो महिलाओं (जो सगी बहनें हैं) और एक पुरुष को हिरासत में लिया है.
जांच में बेहद चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. इस रैकेट की मास्टरमाइंड ज्योति भीमराव पवार है, जो खुद एक नर्स है. मात्र 15 हजार रुपये में पोर्टेबल मशीन की मदद से भ्रूण लिंग जांच की जाती थी. यदि गर्भ में लड़की होती, तो दवाइयों के जरिए गर्भपात किया जाता था. महिला की स्थिति के अनुसार उसे दूसरे स्थान पर भेजकर लाखों रुपये वसूले जाते थे, ऐसा प्रारंभिक जांच में सामने आया है.
छापे की भनक लगते ही मुख्य आरोपी ज्योति पवार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गई. वह फिलहाल फरार है और पुलिस उसके सुराग तलाश रही है. इस मामले में सातारा पुलिस स्टेशन में सभी आरोपियों के खिलाफ कानून और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत गंभीर अपराध दर्ज किए गए हैं. स्कूल जैसी पवित्र जगह के सामने इस तरह की घिनौनी हरकत होने से नागरिकों में आक्रोश है. यह रैकेट कब से सक्रिय था और इसमें किसी बड़े डॉक्टर या अस्पताल की संलिप्तता है या नहीं, इसकी गहन जांच अब पुलिस कर रही है.

Back to top button