अमरावती में सिंधी समाज के लिए पीआर कार्ड वितरण पर अहम बैठक
जल्द शुरू होगी प्रक्रिया

* जिलाधीश कार्यालय में हुई बैठक में महापौर श्रीचंद तेजवानी समेत समुदाय के लोग रहे उपस्थित
अमरावती/दि.27- सिंधी समाज के सदस्यों को पीआर कार्ड (झठ उरीव) वितरण के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन 24 मार्च को जिलाधिकारी कार्यालय स्थित महसूल भवन में किया गया. बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशिष येरेकर और महापौर श्रीचंद तेजवाणी ने की.
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सिंधी समाज के पात्र सदस्यों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पीआर कार्ड उपलब्ध कराना था. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्ड समाज के सदस्यों के लिए एक महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेज होगा. बैठक में पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार करने, आवश्यक दस्तावेजों की जांच व सत्यापन, तथा कार्ड वितरण की प्रक्रिया और समय-सारणी तय करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही समाज के लोगों को आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक नियमों के बारे में भी मार्गदर्शन देने का निर्णय लिया गया.
जिलाधिकारी आशिष येरेकर ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को नियमानुसार और समय पर पीआर कार्ड उपलब्ध कराया जाए. वहीं महापौर श्रीचंद तेजवाणी ने भरोसा दिलाया कि नगर निगम और राजस्व विभाग मिलकर इस प्रक्रिया को तेजी से पूरा करेंगे और किसी प्रकार की देरी नहीं होने दी जाएगी. बैठक में सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं रखीं. उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्ड वितरण शुरू करने की मांग की, जिस पर अधिकारियों ने सकारात्मक आश्वासन दिया. इस अवसर पर उपविभागीय अधिकारी अनिल भटकर, जिला अधीक्षक भूमि अभिलेख महेश शिंदे, उपजिल्हाधिकारी (राजस्व) विवेक जाधव सहित सिंधी समाज के कई प्रतिनिधि उपस्थित थे. बैठक में हुए निर्णयों के अनुसार, आगामी कुछ सप्ताह में पीआर कार्ड वितरण प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई गई है.





