अमरावती में भी धुरंधर-2 ने तोडे सभी रिकॉर्ड

पहले हफ्ते का कलेक्शन 1 करोड के पार

* आरआरआर, पुष्पा-2, केजीएफ, बाहुबली फिल्मों को पछाडा
* 10 स्क्रीन पर रोज 31 शो हो रहे फुल
अमरावती /दि.25 – अग्रणी अभिनेता रणवीर सिंह अभिनीत आलोक धर निर्देशित धुरंधर-2 ने जहां देश भर में कमाई के नये कीर्तिमान गढे हैं. वहीं अमरावतीवासियों को भी फिल्म बडी पसंद आ रही है. अमरावती में पिछले सभी रिकॉर्ड तोडते हुए सप्ताहभर का कलेक्शन 1 करोड के पार हो जाने की जानकारी सिने प्रदर्शन व्यवसाय से जुडे राहुल भंडारी ने दी. उसी प्रकार फिल्म प्रदर्शकों के क्षेत्र से भी मिली जानकारी के मुताबिक हाल के वर्षों के सभी प्रसिद्ध, सुपर डुपर हिट फिल्मों के कीर्तिमान धुरंधर-2 ने तोड दिये हैं. इन फिल्मों में बाहुबली, केजीएफ, आरआरआर और पुष्पा-2 का समावेश है. पिछली सुपर डुपर और सर्वाधिक कमाउ फिल्म पुष्पा-2 रही थी.
* पुष्पा-2 से कही आगे
अमरावती फिल्म वितरण क्षेत्र में अग्रणी रहा है. यहां सर्वाधिक फिल्म वितरक और प्रदर्शक रहे हैं. ऐसे में धुरंधर-2 ने पुष्पा-2 के कलेक्शन को काफी पीछे छोड देने की जानकारी अमरावती मंडल से चर्चा करते हुए राहुल भंडारी ने दी. उन्होंने बताया कि, 3 सिंगल स्क्रीन सरोज, प्रभात और प्रिया के अलावा दोनों मल्टीफ्लैक्स मेराज और ईऑर्बिट की 10 स्क्रीन पर गत गुरुवार से फिल्म प्रदर्शित है. कलेक्शन की संख्या बता रही है कि, सप्ताहभर में आंकडा 1 करोड के पार हो जाएंगा. पुष्पा-2 का प्रथम सप्ताह का कलेक्शन अमरावती की बात करें, तो मुश्किल से 35-40 लाख रहा था. अभी धुरंधर-2 को कोई होड नहीं दिखाई दे रही. राहुल भंडारी ने बताया कि, गर्मी का सीजन शुरु हो गया. गुढी पाडवा और ईद जैसा त्यौहार हुआ. उसी प्रकार कक्षा 10 वीं और 12वीं की एग्जाम निपट गई. जिससे युवा वर्ग थिएटर्स की ओर धुरंधर-2 देखने लपका है.
* क्या कहते है आंकडे
राहुल भंडारी ने बताया कि, मंगलवार तक प्रभात सिनेमा का कलेक्शन 8 लाख 27 हजार, प्रिया का 2 लाख 54 हजार और सरोज का 2 लाख 68 हजार रुपए रहा. वहीं ईऑर्बिट में यह आंकडा 29 लाख को पार कर गया. ऐसे ही मेराज सिनेमा में भी करीब 40 लाख के कलेक्शन के साथ यह संख्या 90-95 लाख होने की संभावना है.
* कलेक्शन बढने का एक कारण यह भी
धुरंधर-2 फिल्म की कहानी भारत-पाकिस्तान की रायवर्ली पर आधारित बतायी जा रही है. इसकी मौखिक पब्लिसिटी काफी होने से लोग खुद होकर थिएटर्स में फिल्म देखने भीड कर रहे हैं. अमरावती में आसपास के गांवों से आये लोग दोपहर की 40 डिग्री की धूप में शॉपिंग करने की बजाय पहले फिल्म का लुत्फ ले रहे हैं. फिर शाम के समय खरीददारी कर रहे हैं. सिंगल स्क्रीन सिनेमा घरों में भी 150-200 रुपए टिकट वसूला जा रहा है. मल्टीफ्लैक्स में यहीं दाम 600 से लेकर 1200 रुपए हो जाने के कारण कलेक्शन का आंकडा काफी बडा नजर आ रहा है. फिर भी सभी स्क्रीन मिलाकर रोज हजारों लोग पिछले सप्ताहभर से फिल्म देखने उमडे हैं.
इस फिल्म में अमरावती में सीधा प्रदर्शन पीवीआर आइनॉक्स ने किया है. वे कलेक्शन से खुश है. वहीं अमरावती के वितरक और प्रदर्शक भी खुश है. क्योंकि वर्ष में एकाध फिल्म आती है, जो दर्शकों को सिनेमा घरों तक खींच लाती है. आने वाले दिनों में धुरंधर-2 कलेक्शन का नया कीर्तिमान रचने की संभावना सीसीसीए के एक पदाधिकारी ने व्यक्त की.

Back to top button