कोका-कोला की बॉटलर कंपनी पर आयकर छापा
दिल्ली की टीम पहुंची सुपीरियर ड्रिंक्स के प्लांट में

नागपुर/दि.19-आयकर विभाग की ओर से जानीमानी शीतपेय कंपनी ‘कोका-कोला’ की एक बॉटलर कंपनी के नागपुर स्थित प्लांट पर छापा मारे जाने की जानकारी सामने आई है. ये कार्रवाई आयकर विभाग की दिल्ली से आई टीम की ओर से की गई. इस कार्रवाई में आयकर विभाग की नागपुर टीम ने भी सहयोग दिया.
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सुपीरियर ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड ‘द कोकाकोला कंपनी’ की फ्रेंचाइजी बॉटलर कंपनी है. कंपनी का मुख्य कार्यालय दिल्ली में स्थित है. कोका-कोला ब्रांड के उत्पादों का निर्माण, पैकेजिंग और वितरण का काम सुपीरियर ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड करती है. इसी कंपनी का बूटीबोरी औद्योगिक क्षेत्र में मुख्य प्लांट है. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग की दिल्ली से आई टीम की ओर से मंगलवार को बूटीबोरी के इसी प्लांट छापामार कार्रवाई की गई. यह कार्रवाई सुबह से शाम तक चली. इस दौरान कंपनी के आर्थिक लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला गया.इस कार्रवाई के तार दिल्ली से जुड़े होने से ही आयकर विभाग की दिल्ली स्थित टीम नागपुर आई थी. हालांकि, ये स्पष्ट नहीं हो सका कि किन कारणों से ये कार्रवाई की गई है.
* मां भवानी हॉस्पिटल पर भी गाज
नागपुर के पारडी स्थित मां भवानी हॉस्पिटल पर भी आयकर विभाग की कार्रवाई की गाज गिरी. आयकर विभाग की आईएनसीआई टीम ने यहां सर्वे किया. इस दौरान सौ से अधिक ऐसी एंट्रियां मिली, जिन्हें छुपाया गया था. वहीं, बीते दिनों भी उपचर्या हॉस्पिटल में भी आयकर विभाग की ओर से कार्रवाई की गई थी.





