ट्रान्सरेल लाइटनिंग पर आयकर छापा
नागपुर में एक साथ दो बडी कंपनी आईटी रडार पर

* सनविजय समूह पर भी कार्रवाई जारी
नागपुर /दि.26- विदर्भ के औद्योगिक क्षेत्र में हडकंप मचाने वाले आयकर छापों का सत्र बुधवार को भी शुरु रहा. आर्थिक व्यवहारों में अनियमितता और टैक्स चोरी के संशय में पॉवर ट्रान्समिशन तथा वितरण क्षेत्र की देश की अग्रणी कंपनी ट्रान्सरेल लाइटनिंग के नागपुर तथा वर्धा स्थित ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापे मारे. मुंबई से आये विशेष टीमों द्वारा लगातार दूसरे दिन भी कार्रवाई जारी रहने की जानकारी देते हुए बताया गया कि, काफी प्रमाण में महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किये गये है. कम्प्यूटर, लैपटॉप, पेनड्राइव आदि जब्त किये जाने की जानकारी है.
* 50 से अधिक अधिकारी
आयकर विभाग की कार्रवाई में मुंबई और नागपुर के 50 से अधिक अधिकारी शामिल है. संयुक्त पथक ने कार्रवाई शुरु रखी है. एक साथ दो बडी कंपनियों पर छापा पडने से औद्योगिक जगत में हडकंप मचा है. मार्च को वित्त वर्ष का अंतिम माह माना जाता है. ऐसे महीने में पूरे वर्ष के रिकॉर्ड को अपडेट करने के साथ फाइनल टच दिया जाता है. ऐसे में आयकर विभाग की कार्रवाई ने लोगों में हैरानी भी भर दी है.
* संबंधों के कारण फंसी
सूत्रों ने बताया कि, ट्रान्सरेल लाइटनिंग को नागपुर की प्रसिद्ध सनविजय कंपनी से लेन-देन के कारण आयकर विभाग ने सनविजय पर पहले छापा मारा था. वहीं से दूसरी कंपनी वरुण ऑटो कास्ट पर भी कार्रवाई शुरु की गई. बुधवार को पूरे दिन दोनों समूह पर छापा जारी था. मुंबई के आयकर पथक को नागपुर के स्थानीय अधिकारी मदद कर रहे हैं. यह भी कहा जा रहा है कि, काफी कागजात जब्त किये गये है. मगर छापे में पकडी गई कैश अथवा जेवरात के बारे में आयकर विभाग ने अभी कोई अधिकृत पत्र प्रसिद्ध नहीं किया है.