मनपा की आय बढाने के साथ ही दायित्वों को निपटाना रहेगा प्राथमिकता
स्थायी समिति के नवनिर्वाचित सभापति अविनाश मार्डीकर का कथन

* सभापति निर्वाचित होते ही दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ की विशेष बातचीत
* एलबीटी की निधि बढाने हेतु सीएम फडणवीस के साथ बैठक करने को लेकर दी जानकारी
अमरावती/दि.6 – अमरावती महानगर पालिका की आर्थिक स्थिति इस समय काफी हद तक खस्ताहाल है और मनपा पर प्रशासक राज के दौरान आर्थिक दायित्वों का बोझ काफी अधिक बढ गया है, इस बात को ध्यान में रखते हुए जहां एक ओर मनपा की आर्थिक स्थिति को सुधारने का पूरा प्रयास किया जाएगा. वहीं दूसरी ओर मनपा पर रहनेवाले सभी पुराने दायित्वों को भी जल्द से जल्द निपटाने का प्रयास किया जाएगा, इस आशय का प्रतिपादन अमरावती महानगर पालिका की स्थायी समिति के नवनिर्वाचित सभापति अविनाश मार्डीकर द्वारा किया गया. अमरावती मनपा की स्थायी समिति के सभापति पद हेतु आज हुए चुनाव में निर्वाचित होने के उपरांत अविनाश मार्डीकर ने सबसे पहले दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ विशेष तौर पर बात की और मनपा की तिजोरी का जिम्मा हाथ आते ही सबसे पहले मनपा की आर्थिक स्थिति को सुधारने पर पूरा ध्यान देने की बात कही.
बता दें कि, संभागीय राजस्व आयुक्तालय द्वारा आज 6 मार्च को अमरावती महानगर पालिका के स्थायी समिति के सभापति पद के चुनाव की तारीख घोषित की गई थी. जिसके लिए मनपा की सत्ताधारी महायुति द्वारा स्थायी समिति सदस्य रहनेवाले राकांपा पार्षद अविनाश मार्डीकर का नाम आगे बढाया गया था. जिन्हें बहुमत के आधार पर अमरावती महानगर पालिका की स्थायी समिति का नया सभापति चुन लिया गया. मनपा में स्थायी समिति के सभापति निर्वाचित होने के उपरांत अविनाश मार्डीकर ने दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ विशेष तौर पर बातचीत करते हुए अपनी प्राथमिकताओं को लेकर जानकारी दी. इस समय उन्होंने कहा कि, उनकी प्राथमिकता महानगरपालिका की आय बढ़ाने की रहेगी, ताकि शहर के विकास कार्यों को गति दी जा सके. उन्होंने कहा कि मनपा की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ समन्वय बढ़ाया जाएगा. स्थायी समिति के नवनिर्वाचित सभापति अविनाश मार्डीकर ने कहा कि, स्थानीय निकाय कर (एलबीटी) की निधि बढ़ाने के विषय में राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ जल्द ही बैठक कर चर्चा की जाएगी. उनका कहना रहा कि यदि एलबीटी की निधि में बढ़ोतरी होती है, तो मनपा को आर्थिक रूप से काफी मजबूती मिलेगी और शहर में अधूरे पड़े विकास कार्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी. इसके साथ ही स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर ने कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान अमरावती महानगरपालिका में प्रशासक राज रहा, जिसके चलते कई प्रशासनिक और वित्तीय दायित्व बढ़ गए हैं. इन दायित्वों के प्रभावी निपटारे के लिए वित्तीय अनुशासन और आय बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्थायी समिति के माध्यम से शहर के विकास को नई गति दी जाएगी.





