मनपा हिंदी स्कूल क्र. 7 विलास नगर का निरीक्षण

नई कक्षाओं के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

अमरावती /दि.11– विलास नगर स्थित मनपा हिंदी स्कूल क्रमांक 7 में शैक्षणिक एवं भौतिक सुविधाओं का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को निरीक्षण दौरा आयोजित किया गया. इस दौरान शिक्षा सभापति एड. प्रीति रेवणे, क्षेत्र की नगरसेविका रेखाताई तायडे एवं नगरसेवक दीपक साहू ने स्कूल का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की.
निरीक्षण के दौरान कक्षाओं की स्थिति, अध्ययन-अध्यापन प्रक्रिया, विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाएं, स्वच्छता व्यवस्था तथा मध्याह्न भोजन योजना का विस्तृत अवलोकन किया गया. जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, उपस्थिति और शैक्षणिक प्रगति की जानकारी भी ली. स्कूल के मुख्याध्यापक के साथ बैठक कर विभिन्न समस्याओं, सुविधाओं की कमी तथा आवश्यक सुधारों पर चर्चा की गई. विशेष रूप से अतिरिक्त कक्षाओं की आवश्यकता और शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता पर ध्यान केंद्रित किया गया.
इस अवसर पर मनपा शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रकाश मेश्राम तथा स्कूल निरीक्षक योगेश पखाले और विशाल वालचाळे भी उपस्थित रहे. स्कूल परिसर में तीन नई कक्षाओं के निर्माण का प्रस्ताव है. इस संबंध में संबंधित अभियंताओं से तकनीकी जानकारी ली गई और निर्माण कार्य के आराखड़े की समीक्षा की गई. जनप्रतिनिधियों ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षण वातावरण मिल सके. निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने, नियमित अध्ययन करने और शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया.
इस निरीक्षण से स्कूल की वर्तमान स्थिति का आकलन करते हुए आवश्यक सुधार और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई गई. मनपा प्रशासन ने भी स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

Back to top button