बच्चों को ले जाने वाली वैन, बस, रिक्शा की जांच
पुलिस ने शुरु की विशेष मुहिम

* अनेक शालाओं पर पहुंचे यातायात विभाग के दस्ते
अमरावती /दि.24 – पुलिस के यातायात विभाग ने आज से शहर में विभिन्न शालाओं में जाकर मासूमों को शाला लाने-ले जाने वाले वाहनों की पडताल की. जिसमें स्कूल बस, स्कूल वैन, ऑटो रिक्शा का समावेश रहा. पुलिस की पडताल से निश्चित ही नियमों का भंग कर ऐसे वाहन चला रहे चालकों में खलबली मची. किंतु अभिभावक वर्ग ने पुलिस की ऐसी जांच पर संतोष व्यक्त किया. उसका मोटे तौर पर स्वागत किया.
उल्लेखनीय है कि, जिले में 2 बडे सडक हादसे सप्ताह भर के भीतर हो चुके है. ऐसे में यातायात विभाग शहर में भी दुर्घटनाओं को टालने के लिए कदम उठा रहा है. बच्चों को स्कूल ले जाने वाले वाहनों की पडताल आवश्यक है. सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात पुलिस निरीक्षक ने कही.
* दो चीजों की अधिक शिकायत
बच्चों की सुरक्षा को लेकर मुख्य रुप से दो शिकायतें अधिक रहने की बात यातायात अधिकारियों ने कही. उन्होंने कहा कि, ऑटो रिक्शा और स्कूल वैन में क्षमता से अधिक बच्चे सवार रहने की शिकायत अभिभावक अधिक करते हैं. इसलिए आज ठूंसकर बच्चे ले जा रहे वाहनों की खासतौर से जांच पडताल की गई. उनके दस्तावेजों की भी डिटेल लेकर पडताल की जा रही है. आगे भी मुहिम जारी रहने की जानकारी यातायात विभाग ने मीडिया को दी.





