सुनेत्रा पवार के जीवन को रुपाली चाकणकर से खतरा?

शिकायत से बड़ी हलचल

* भोंदू खरात मामले में चौंकाने वाला खुलासा
नाशिक/दि.11 – अशोक खरात मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है. कई मामलों में आरोपी खरात की जांच में अब उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के जीवन को रुपाली चाकणकर से खतरा होने की शिकायत दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. इससे खरात मामले से जुड़े चाकणकर के पुराने संबंध फिर से सुर्खियों में आ गए हैं. एसआईटी इस शिकायत की सत्यता की जांच कर रही है और इस घटना से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है.
स्वयंघोषित कैप्टन और भोंदू अशोक खरात मामले के धागे बेहद उलझे हुए हैं और उसके कई कारनामों ने आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिस को भी हिला कर रख दिया है. कई महिलाओं का यौन शोषण, अत्याचार, धोखाधड़ी, पैसे ठगना जैसे कई गंभीर अपराध उसने किए हैं और उसके खिलाफ 15 मामले दर्ज हैं. जेल में बंद खरात से एसआईटी रोज पूछताछ कर रही है और उसमें नई-नई चौंकाने वाली जानकारी सामने आ रही है. इसी बीच इस मामले में अब एक नया मोड़ आया है.
राज्य की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के जीवन को रुपाली चाकणकर से खतरा होने की शिकायत की गई है. सूत्रों के अनुसार, बीड के एक व्यक्ति ने जांच दल के पास यह शिकायत दर्ज कराई है. दावा किया जा रहा है कि यह शिकायत भोंदू खरात मामले से जुड़ी हुई है. जांच दल द्वारा इस शिकायत की जांच किए जाने की संभावना है. यह भी शक जताया जा रहा है कि किसी ने शरारतन यह शिकायत की हो सकती है, इसलिए इसमें कितनी सच्चाई है इसकी जांच की जाएगी.
* चाकणकर पहले भी आई थीं विवाद में
राष्ट्रवादी कांग्रेस की महिला प्रदेशाध्यक्ष और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रह चुकी रुपाली चाकणकर का नाम पहले भी अशोक खरात मामले में सामने आया था. बताया गया था कि खरात उनके गुरु थे और दोनों के कई फोटो भी सामने आए थे. इतना ही नहीं, यह भी जानकारी सामने आई थी कि चाकणकर, अशोक खरात के ट्रस्ट में ट्रस्टी थीं. मामला सामने आने के बाद उनके कुछ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिनमें वे अशोक खरात की पूजा करती हुई दिखाई दे रही थीं. इसके बाद उनकी कड़ी आलोचना हुई और उन्हें राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा. बाद में लगातार हो रही आलोचना के कारण उन्होंने राष्ट्रवादी की महिला प्रदेशाध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया.

Back to top button