इस्कॉन अमरावती द्वारा श्री रामनवमी महोत्सव 27 मार्च को

श्री श्री सीताराम लक्ष्मण हनुमान का महाअभिषेक

अमरावती / दि.24 – राठी नगर स्थित सरस्वती कॉलोनी में स्थित श्री श्री रुक्मिणी आध्यात्मिक संस्कार केंद्र (इस्कॉन), अमरावती द्वारा समय-समय पर विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है. इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जनमानस और समाज में आध्यात्मिक ज्ञान का प्रचार-प्रसार करना, जीवन के मूल्यों में असंतुलन को रोकना तथा विश्व में सच्ची एकता और शांति की स्थापना हेतु सभी लोगों को आध्यात्मिक जीवन के प्रति शिक्षित करना, समाज के सदस्यों को एकत्रित कर मानवता का विकास करना तथा समाज में संकीर्तन आंदोलन को सिखाकर सामूहिक रूप से कृष्ण नाम का जप करना है.
इन सभी उद्देश्यों के अनुरूप, इस्कॉन के संस्थापक आचार्य ए. सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद के वरिष्ठ शिष्य, इस्कॉन पदयात्रा मंत्री, महाराष्ट्र राज्य पत्रकार संघ द्वारा जीवन गौरव सम्मान से सम्मानित, विश्वविख्यात कीर्तन सम्राट, त्रिदंडी संन्यासी परम पूज्य लोकनाथ स्वामी महाराज के मार्गदर्शन और प्रेरणा से दिनांक 27 मार्च को श्री रामनवमी महामहोत्सव का आयोजन किया गया है.
इस वर्ष श्री रामनवमी 26 मार्च को न होकर 27 मार्च को है, क्योंकि उसी दिन नवमी तिथि है. इसी दिन श्री अयोध्या धाम में भी श्री रामनवमी महोत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया जाएगा, यह एक विशेष बात है.
महोत्सव का प्रारंभ दिनांक 27 मार्च 2026 को प्रातः 4:30 बजे श्री श्री रुक्मिणी द्वारकाधीश की मंगल आरती से होगा. इसके पश्चात हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे, हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे महामंत्र का सामूहिक जप किया जाएगा. प्रातः 7:30 बजे दर्शन आरती एवं उसके पश्चात गुरुपूजा संपन्न होगी. प्रातः 10 से 10. 30 बजे तक भक्तवृंद द्वारा हरिनाम संकीर्तन होगा. इसके पश्चात 10.30 से 11.30 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन होगा. आगे 11.30 से 12.30 बजे के बीच श्री श्री सीताराम लक्ष्मण हनुमान का महाअभिषेक संपन्न होगा. दोपहर 12.30 से 1 बजे तक 56 भोग दर्शन एवं महाआरती होगी. इसके पश्चात दोपहर 1 बजे महाप्रसाद के साथ कार्यक्रम का समापन होगा. इस संपूर्ण महामहोत्सव का लाभ सभी अमरावतीवासियों को लेना चाहिए, ऐसा आह्वान इस्कॉन अमरावती के अध्यक्ष श्रीमान अद्वैत आचार्य प्रभुजी ने किया है.

Back to top button