श्री हव्याप्र के राहुल उगले को आईएसएसएफ-बी प्रमाणपत्र

अमरावती/दि.24 –हाल ही में दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्री हनुमान व्यायाम प्रसारक मंडल द्वारा संचालित शूटिंग रेंज के प्रशिक्षक राहुल उत्तमराव उगले ने आईएसएसएफ-बी पिस्टल शूटिंग प्रशिक्षक डिप्लोमा, शैक्षणिक प्रमाणपत्र तथा आधिकारिक शूटिंग प्रशिक्षक लाइसेंस प्राप्त कर अमरावती विभाग के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है. अमरावती विभाग से आईएसएसएफ-बी डिप्लोमा प्राप्त करने वाले राहुल उगले पहले प्रशिक्षक बने हैं, जिससे अमरावती शहर और जिले में निशानेबाजी क्षेत्र में गर्व की भावना व्यक्त की जा रही है.
समापन समारोह में आईएसएसएफ प्रतिनिधियों सहित नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष कालिकेशी नारायण सिंह, महासचिव पवन कुमार सिंह तथा ओजीक्यू टीम के हस्ते डिप्लोमा प्रदान किया गया. राहुल उगले की इस सफलता पर मंडल के प्रधान सचिव पद्मश्री प्रभाकरराव वैद्य, कार्याध्यक्ष एड. प्रशांत देशपांडे, उपाध्यक्ष डॉ. श्रीकांत चेंडके, सचिव प्रो. डॉ. माधुरी चेंडके, कोषाध्यक्ष प्राचार्य डॉ. श्रीनिवास देशपांडे, सचिव प्रो. रवींद्र खांडेकर, सचिव प्रो. विकास कोलेश्वर सहित मंडल के सभी पदाधिकारियों, प्राध्यापकों तथा क्रीड़ा क्षेत्र के विभिन्न स्तरों से उन्हें बधाइयाँ दी जा रही हैं.





