मनपा की पहली आमसभा में गूंजा साफ-सफाई का मुद्दा

शहर में व्याप्त गंदगी पर सभी पार्षदों ने जताई गंभीरता

* जल्द से जल्द शहर को साफसुथरा करने पर दिया पूरा जोर
अमरावती/दि.20-महापौर और उपमहापौर के चुनाव के बाद आज मनपा की पहली आमसभा साफ-सफाई के मुद्दे को लेकर गूंजी. सभा स्विकृत सदस्य और स्थायी समिति के 16 सदस्यों की नियुक्ति के कारण कुछ ही देर चली. लेकिन सभी पार्षद साफ-सफाई के मुद्दे को लेकर गंभीर दिखाई दिए. अधिकारियों ने नई व्यवस्था लागू होने तक वर्तमान करार के मुताबिक कामकाज जारी रहने की जानकारी दी और जल्द ही इसमें सुधार करने का वादा किया.
मनपा के भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सभागृह में मनपा की पहली आमसभा आज सुबह 11 बजे वंदे मातरम के साथ शुरू हुई. पश्चात पिछली विशेष सभा का अवलोकनार्थ कार्यवृतांत पढा गया. पश्चात वायएसपी पार्षद प्रशांत वानखडे ने शहर सुधार विकास प्रारूप का आमसभा में मुद्दा उपस्थित कर नए विकास प्रारूप को तैयार कर उसे मंजूर करने और प्रशासन व सदस्य द्बारा आगामी समय में इस बाबत प्रयास करने की बात कहीं. पश्चात एनसीपी पार्षद चंदू खेडकर, भाजपा नगरसेविका स्वाती कुलकर्णी, मिलींद बांबल ने शहर के साफ-सफाई का मुद्दा प्रस्तुत किया. इस पर सभी पार्षद गंभीर दिखाई दिए. इस मुद्दे को लेकर सदन में गंभीर चर्चा हुई. स्वाती कुलकर्णी ने कहा कि शहर में जगह-जगह कचरों के ढेर और गंदगी का साम्राज्य है, फिर आम जनता से स्वच्छता कर क्यों वसूल किया जा रहा हैं. अधिकारी इस पर निरूत्तर दिखाई दिए. एनसीपी के मंगेश मनोहर समेत सभी पार्षदों ने सफाई के मुद्दे को गंभीरता से लिया. तब इस विषय पर अधिकारियों ने कहा कि नई व्यवस्था लागू होने तक वर्तमान करार के मुताबिक साफ-सफाई का कामकाज शुरू है. इसमें जल्द ही सुधार किया जाएगा. पश्चात नवनियुक्त स्विकृत सदस्य व स्थायी समिति सदस्यों के नियुक्ति की घोषणा होने पर सभी राजनीतिक दलों के गटनेता व सदस्यों ने उनका अभिनंदन किया और सभी सदस्यों के कार्यों की जानकारी दी.                                                    * निगमायुक्त के कार्यों की सराहना
चार साल के प्रशासक राज में मनपा में आयुक्त का पदभार संभालने के बाद सौम्या शर्मा चांडक द्बारा शहर में किए गए कार्य और अमरावती मनपा प्रशासन को केंद्र व राज्य शासन की तरफ से मिले पुरस्कार की विपक्ष के नेता विलास इंगोले समेत सभी सदस्यों ने एकजुटता से सराहना की. विलास इंगोले ने कहा कि विकास की दृष्टि से आगे भी सभागृह का कामकाज चलना चाहिए. साथ ही प्रशासकराज में शहर में हुए अन्याय को लेकर भी भूमिका लेनी चाहिए. चेतन गावंडे ने कहा कि मनपा के इस सदन में 55 से अधिक नए सदस्य हैं. इस कारण सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास उनका रहेगा.
* शुक्रवार को न रखी जाए आमसभा
एमआईएम के सदस्य अलाउद्दीन खान और एमआईएम के गट नेता शेख हमीद ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर मनपा प्रशासन के आदेशानुसार व सभी सदस्यों की मांग के मुताबिक जिस तरह कत्तलखाने और मांस बिक्री की दूकाने बंद रखी गई थी, उसी तरह शुक्रवार को उनकी जुम्मे की नमाज रहती है, इस कारण शुक्रवार के दिन मनपा की आमसभा नहीं होनी चाहिए. इस पर सभी सदस्यों ने मंजूरी दिखाई.
* मनपा के नामकरण का प्रस्ताव शासन के पास
युवा स्वाभिमान पार्टी के गटनेता नाना आमले ने सदन में सर्वप्रथम अमरावती-बडनेरा मनपा का नामकरण करने का प्रस्ताव रखा था. आज प्रशांत वानखडे ने भी यही मांग रखी तब पूर्व महापौर व मनपा के विपक्ष नेता विलास इंगोले ने कहा कि अमरावती मनपा अस्तित्व में आने के बाद 2 से 3 दफा यह प्रस्ताव सदन में मंजूर किया गया है और उसे शासन के पास मंजूरी के लिए भेजा गया है. इस कारण अब अमरावती बडनेरा के विधायक और सांसदों ने इस बाबत अपने स्तर पर प्रयास करने चाहिए. अंत में राष्ट्रगाण के साथ सभा समाप्त हुई.

Back to top button