भागडी नाले में अवैध उत्खनन का मामला गरमाया

मिट्टी व रेत की बिक्री का आरोप

दर्यापुर/दि.10- दर्यापुर तहसील के सासन रामापुर ग्रामपंचायत अंतर्गत भागडी नाले में अवैध उत्खनन का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि तहसील प्रशासन के आदेश का दुरुपयोग कर बड़े पैमाने पर नाले से मिट्टी और रेत निकालकर उसकी बिक्री की गई. इस मामले को लेकर सरपंच विनोद सोनवणे ने जिल्हाधिकारी कार्यालय अमरावती में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
जानकारी के अनुसार, तहसील कार्यालय दर्यापुर द्वारा 13 फरवरी 2026 को नाले का गाद निकालने के लिए आदेश जारी किया गया था. इसमें संबंधित किसानों के खेतों (गट नंबर 234, 204, 221, 225, 238, 237, 270) में यह गाद मुफ्त डालने के निर्देश दिए गए थे. मगर आरोप है कि सागर माधवराव देशमुख व कुछ ट्रैक्टर मालिकों ने इस आदेश का गलत फायदा उठाते हुए तय समय से पहले ही 4 फरवरी से उत्खनन शुरू कर दिया. बिना ग्रामपंचायत को सूचना दिए करीब 10 ट्रैक्टरों की मदद से नाले से मिट्टी व रेत निकालकर अडूला बाजार, सासन बु. और सासन रामापुर सहित अन्य जगहों पर बेची गई.
स्थानीय लोगों के अनुसार अब तक करीब 400 ट्रॉली मिट्टी 800 से 1000 रुपये प्रति ट्रॉली के हिसाब से बेची जा चुकी है, जिससे बड़े आर्थिक घोटाले की आशंका जताई जा रही है. वहीं प्रतिदिन 30 से 40 ट्रैक्टरों के जरिए यह काम जारी रहने और प्रत्येक ट्रैक्टर से कई चक्कर लगाने की जानकारी भी सामने आई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ ठेकेदारों ने जेसीबी और ट्रैक्टरों की मदद से बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन कर मिट्टी अन्य गांवों में पहुंचाई, जबकि अनुमति सीमित क्षेत्र के लिए ही थी.
इस प्रकरण के बाद प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. ग्रामसेवक और तलाठी की भूमिका पर भी संदेह जताया जा रहा है. ग्रामस्थों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है.

Back to top button