विधान मंडल तक गूंजा था अमरावती में एमडी ड्रग्ज की तस्करी व विक्री का मुद्दा

विधायक संजय खोडके ने प्रखरता के साथ पेश किया था ध्यानाकर्षण प्रस्ताव

* नार्कोटिक्स के अपर पुलिस अधीक्षक ने सीपी व ग्रामीण एसपी को दिए थे सख्त कार्रवाई के निर्देश
अमरावती/दि.9 – गत रोज अमरावती शहर पुलिस की क्राईम ब्रांच ने नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के लालखडी से सुकली वनारसी रोड पर बीती शाम जबरदस्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 2 किलो 80 ग्राम एमडी ड्रग्ज की खेप के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की. पकडी गई ड्रग्ज की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 3 करोड 1 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है. वहीं इससे पहले विगत फरवरी माह के पहले सप्ताह के दौरान राजस्व गुप्तचर संचालनालय तथा नार्कोटिक्स विभाग द्वारा संयुक्त रुप से की गई कार्रवाई में भी अमरावती के नवसारी परिसर से 4 किलो 900 ग्राम एमडी ड्रग्ज बरामद की गई थी. जिसकी कीमत 7.45 करोड रुपयों से लेकर 10 करोड रुपए के आसपास रहने की जानकारी सामने आई थी. पता चला है कि, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य संजय खोडके ने ही पूरी गंभीरता के साथ अमरावती में हो रही ड्रग्ज तस्करी व डग्ज की विक्री के मामले को विधान परिषद में उठाया था और इसे लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी पेश किया था. जिसके चलते गृह मंत्रालय के निर्देश पर मादक पदार्थ विरोधी टास्क फोर्स के अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) कृष्णात पिंगले ने अमरावती के शहर पुलिस आयुक्त व ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के नाम ड्रग्ज तस्करों के खिलाफ कडी कार्रवाई करने के आदेश जारी किए थे. जिसके बाद अमरावती शहर पुलिस ने ड्रग्ज तस्करों के खिलाफ जबरदस्त तरीके से मोर्चा खोला. जिसके चलते बीती शाम अमरावती शहर में करीब 3 करोड रुपए की एमडी ड्रग्ज की खेप बरामद की गई. साथ ही दो आरोपियों को हिरासत मेें लेते हुए कुल 10 आरोपियों को नामजद भी किया गया है.
बता दें कि, विगत फरवरी माह के दौरान राजस्व गुप्तचर संचालनालय व नार्कोटिक्स विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए अमरावती के नवसारी क्षेत्र से 4 किलो 900 ग्राम एमडी ड्रग्ज की खेप बरामद किए जाने के बाद विधायक संजय खोडके ने इस मामले को ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए विधान परिषद में उठाते हुए बताया था कि, अमरावती शहर वर्ष 2021 से एमडी ड्रग्ज की तस्करी व विक्री का मुख्य केंद्र बना हुआ है. जहां पर गुजरात के अहमदाबाद से एक आंतरराष्ट्रीय गिरोह के जरिए एमडी ड्रग्ज की खेप को अमरावती लाया जा रहा है. इस रैकेट में अमरावती शहर के कुछ होटल मालिकों व कुख्यात गुटखा माफियाओं का भी सहभाग रहने की संभावना है और ड्रग्ज विक्री का नेटवर्क शैक्षणिक संस्थाओं के आसपास व युवाओं तक पहुंच गया है. लेकिन इसके बावजूद भी स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा समाज के लिए बेहद गंभीर चिंता का विषय रहनेवाले इस मामले की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा.
विधायक संजय खोडके द्वारा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए उपस्थित किए गए इस मुद्दे पर राज्य के मुख्यमंत्री व गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जबरदस्त गंभीरता दिखाई और गृह मंत्रालय को इस मामले में कार्रवाई करने हेतु जरुरी दिशा-निर्देश भी दिए. जिसके बाद गृह मंत्रालय हरकत में आया और राज्य के मादक पदार्थ विरोधी टास्क फोर्स के अपर पुलिस अधीक्षक कृष्णात पिंगले ने अमरावती के शहर पुलिस आयुक्त राकेश ओला व ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद के नाम पत्र जारी करते हुए उन्हें ड्रग्ज तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश जारी किया. जिसके बाद शहर पुलिस की क्राईम ब्रांच ने गत रोज ड्रग्ज तस्करी के खिलाफ एक बेहद बडी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो आरोपियों को करीब 3 करोड रुपए मूल्य वाली 2.80 किलो ग्राम एमडी ड्रग्ज की खेप के साथ धर दबोचा. यह शहर पुलिस द्वारा ड्रग्ज तस्करी के खिलाफ की गई अब तक की सबसे बडी कार्रवाई है.

Back to top button