आपकी कमी को शब्दों में बयां करना मुश्किल
अजित पवार की याद में भावुक हुईं सुनेत्रा पवार

मुंबई /दि.28- महाराष्ट्र के दिवंगत नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन को दो महीने पूरे होने पर उनकी याद में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार भावुक हो गईं. उन्होंने कहा कि आपकी कमी हर पल महसूस होती है, इसे शब्दों में व्यक्त करना असंभव है.
डेप्युटी सीएम सुनेत्रा पवार ने भावनात्मक संदेश में कहा कि समय भले आगे बढ़ रहा हो, लेकिन मन आज भी अजित पवार की यादों में ही उलझा हुआ है. उन्होंने कहा कि दादा का लोकाभिमुख और विकासोन्मुख व्यक्तित्व, आम लोगों से उनका जुड़ाव और काम के प्रति समर्पण हमेशा मार्गदर्शन करता रहेगा.
बता दें कि, अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री के साथ-साथ राष्ट्रवादी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली है. उन्होंने कहा कि आज जब वे उनकी जगह काम कर रही हैं, तब उनकी कमी और अधिक महसूस होती है. उन्होंने कहा कि अजित पवार सिर्फ एक नेता नहीं थे, बल्कि लाखों लोगों के लिए विश्वास, शक्ति और आशा का आधार थे. उनके कारण कई लोगों को जीवन में दिशा और आगे बढ़ने का अवसर मिला.
अजीत पवार के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त करते हुए सुनेत्रा पवार ने कहा कि वे शिव-शाहू-फुले-आंबेडकर के विचारों पर चलते हुए उनके दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ेंगी. उन्होंने यह भी कहा कि आपकी अनुपस्थिति की यह खाली जगह कभी नहीं भर पाएगी, लेकिन आपके विचार और कार्य ही आगे का रास्ता दिखाते रहेंगे.
महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राकांपा नेता अजित पवार के निधन के दो महीने बाद भी उनकी कमी पार्टी और परिवार में गहराई से महसूस की जा रही है. सुनेत्रा पवार ने भावुक शब्दों में उन्हें याद करते हुए उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया है.





