‘जय श्रीराम! कब मिलेगा हिंदू किसान को दाम’
बच्चू कडू के उपोषण पोस्टर की जोरदार चर्चा

* एक बार फिर किसान आंदोलन के मूड में बच्चू कडू
अमरावती/दि.26- किसानों और खेत मजदूरों के विभिन्न लंबित मुद्दों को लेकर हमेशा ही सक्रिय रहनेवाले प्रहार जनशक्ति पार्टी के मुखिया व पूर्व मंत्री बच्चू कडू ने अब एक बार फिर किसानों के मुद्दे को लेकर आंदोलन करने का ऐलान किया है. इस आंदोलन से संबंधित पोस्टर इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और व्यापक चर्चा का विषय बना हुआ है. ‘जय श्रीराम, कब मिलेगा हिंदू किसान को दाम’ इस प्रमुख नारे के साथ जारी पोस्टर में एकदिवसीय सांकेतिक उपोषण की घोषणा की गई है. यह उपोषण शुक्रवार, 27 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे अमरावती स्थित संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन में आयोजित किया जाएगा.
इस आंदोलन हेतु जारी किए गए पोस्टर में किसानों की समस्याओं को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाया गया है, साथ ही स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के फोटो भी शामिल किए गए हैं. पोस्टर के चलते आंदोलन को लेकर लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है. आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन केवल सरकार के विरोध में नहीं, बल्कि राज्य के किसानों और खेत मजदूरों के लंबित मुद्दों की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए किया जा रहा है. कर्जमाफी के निर्णय के लिए सरकार का आभार व्यक्त करते हुए, बाकी मांगों के लिए संघर्ष तेज करने का संकेत भी दिया गया है.
* आंदोलनकारियों का होगा सम्मान
इस उपोषण की खास बात यह है कि इससे पहले हुए किसान कर्जमाफी आंदोलन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का सम्मान किया जाएगा. इसमें वे किसान, नागरिक और कार्यकर्ता शामिल हैं, जिन्होंने आंदोलन में भाग लिया, सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया, आर्थिक मदद की या किसी भी रूप में समर्थन दिया. इससे आंदोलन को एक सकारात्मक और कृतज्ञता का स्वरूप भी मिलेगा.
* रैली रद्द, उपोषण पर फोकस
इस बीच पहले घोषित रैली को रद्द कर दिया गया है और कार्यक्रम को केवल एकदिवसीय उपोषण तक सीमित रखा गया है. इसके चलते अब सभी की नजरें इस उपोषण पर टिकी हैं. कुल मिलाकर, बच्चू कडू के इस आंदोलन के ऐलान से अमरावती जिले में एक बार फिर किसान मुद्दे केंद्र में आ गए हैं और 27 मार्च को होने वाले इस उपोषण को लेकर व्यापक उत्सुकता बनी हुई है.





