जवाहर स्टेडियम प्रभाग-7 की चमकी किस्मत
महापौर के प्रभाग में अब तीन नगरसेवक बढे

* अनिल अग्रवाल, मिलिंद चिमोटे, दिनेश बूब हुए मनोनीत
अमरावती/दि.20 – महापालिका प्रभाग-7 जवाहर स्टेडियम को तीन और नगरसेवक मिल जाने से इस प्रभाग की किस्मत जाग जाने की चर्चा प्रारंभ हो गई है. मनपा आम चुनाव में यहां से 4 नगरसेवक नियमित रुप से चुने गये. आज स्वीकृत नगरसेवकों के चयन में भी जवाहर स्टेडियम प्रभाग में रहने वाले और कर्मभूमि रखने वाले तीन नेताओं को मनोनीत किया गया है. जिससे यहां 7 नगरसेवक हो गये हैं. पहले ही यह प्रभाग महापौर श्रीचंद तेजवानी के कारण चर्चा में था. बता दें कि, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे का निवास भी इसी प्रभाग अंतर्गत है.
* बीजेपी के दो, राष्ट्रवादी और शिवसेना
जवाहर स्टेडियम प्रभाग-7 से मनपा चुनाव में भाजपा की दो नगरसेवक श्रीचंद तेजवानी और सोनाली नाईक विजयी हुई थी. उसी प्रकार राष्ट्रवादी के उम्मीदवार मनीष बजाज एवं शिवसेनास शिंदे गट उम्मीदवार स्नेहा आशीष लुल्ला विजयी रही थी. 6 फरवरी की आम सभा में महापौर का चुनाव हुआ तो बीजेपी गठबंधन ने पहली बार सिंधी समाज को महापौर पद देते हुए इसी प्रभाग के श्रीचंद तेजवानी को चुना.
* चिमोटे और दिनेश बूब
आज मनोनीत नगरसेवकों का चयन हुआ तो जवाहर स्टेडियम प्रभाग निवासी दिनेश बूब को शिवसेना-बसपा गट ने और पूर्व महापौर मिलिंद चिमोटे को कांग्रेस ने मनोनीत नगरसेवक बनाया. जिससे जवाहर स्टेडियम के नगरसेवकों की संख्या बढ गई. कांग्रेस से स्वीकृत नगरसेवक बने वरिष्ठ पत्रकार, संपादक अनिल अग्रवाल भी अपने कार्यालय के कारण इस प्रभाग से गहरा वास्ता रखते हैं. फलस्वरुप प्रभाग-7 अब 7 नगरसेवकों का प्रभाग बन गया है, इस बात की सर्वत्र चर्चा हो रही है. प्रभाग अंतर्गत बस्तियों में विकास की भागीरथी जमकर बहेगी, ऐसी आशा प्रभाग के निवासी कर रहे हैं. यह भी याद दिला दे कि, मिलिंद चिमोटे और दिनेश बूब पहले भी इस प्रभाग का मनपा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. उन्हें मनपा के कामकाज की अच्छी जानकारी तथा अनुभव है.





