चंडीकापुर में डॉलर्स सहित 19 लाख के गहने पार

अमेरिका निवासी अजय वर्मा के साथ घटना

* पुलिस ने नामजद किये पांच आरोपी
अमरावती /दि.1- खोलापुर थानांतर्गत चंडीकापुर में बोस्टन अमेरिका निवासी अजय वर्मा द्वारा दिखाये गये विश्वास पर गांव के ही युवक खरे नहीं उतरे. उन्होंने वर्मा के पुस्तैनी मकान से 2700 अमेरिकी डॉलर और लगभग 17 लाख का सोना पार कर दिया. अजय वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है. नामजद आरोपियों में विकास पवार (45), अतुल अडगोकार (43) और प्रवीण कावरे (41) और दो अन्य आरोपियों का समावेश है.
पुलिस शिकायत के मुताबिक पहले चंडीकापुर में रहने वाले अजय गिरजाशंकर वर्मा अब बोस्टन में रहते हैं. वर्ष में एक-दो बार अपने गांव आते हैं. उन्होंने अपने घर की देखरेख का जिम्मा विकास पवार और अतुल अडगोकार को परिचित होने से दे रखा था. 20 मार्च 2025 से 22 नवंबर 2025 के बीच उनके यहां से आभूषण और कैश चोरी हो गई. इस बात की शिकायत वर्मा ने मंगलवार को थाने में दर्ज करवाई. जिसमें कहा गया कि, अलमारी में रखे सोने के हार, चेन, पेंडल और 2700 अमेरिकन डॉलर ऐसे 19 लाख का माल उक्त संदिग्ध आरोपियों ने गायब कर दिया. पुलिस संदिग्ध आरोपियों को खोजने में जुटी हैं.

Back to top button