इस वर्ष कमलीवाले बाबा का उर्स नहीं
भीषण हादसे में चार युवकों की मौत व तीन युवकों के घायल होने के चलते लिया गया निर्णय

* जुनी बस्ती बडनेरा में स्थित है कमलीवाले बाबा की दरगाह, परिसर के ही युवाओं के साथ हुआ था हादसा
अमरावती/दि.13 – स्थानीय जुनी बस्ती बडनेरा स्थित शमसुद्दीन अलमास शाह बाबा उर्फ कमलीवाले बाबा की दरगाह पर प्रतिवर्ष अप्रैल व मई माह के दौरान बडी धूमधाम के साथ उर्स का आयोजन किया जाता है. जिसके तहत इस वर्ष 26 अप्रैल से 6 मई के दौरान उर्स का आयोजन किया जाना था और इन 10 दिनों के दौरान मुशायरे, कव्वाली व संदल जैसे कार्यक्रमों की धामधूम रहनेवाली थी. परंतु विगत 7 अप्रैल की रात जुनी बस्ती बडनेरा में रहनेवाले 7 युवकों के साथ अकोला महामार्ग पर बेलोरा गांव के निकट भीषण सडक हादसा घटित हुआ. जिसमें स्विफ्ट कार को तेजरफ्तार ट्रक द्वारा टक्कर मार दिए जाने के चलते कार में सवार 7 में से 4 लोगों की मौत हो गई थी तथा तीन युवक बुरी तरह से घायल हो गए थे. जिसके चलते इस समय पूरे जुनी बस्ती बडनेरा क्षेत्र में जबरदस्त शोक की लहर व्याप्त है. इस बात को ध्यान में रखते हुए दरगाह प्रबंधन कमिटी ने इस वर्ष उर्स का आयोजन नहीं करने का निर्णय लिया है. जिसकी जानकारी दरगाह कमिटी के नायब सदर सत्तार पहलवान द्वारा दी गई.
इस बारे में जानकारी देते हुए सत्तार पहलवान द्वारा बताया गया कि, आगामी 26 अप्रैल से शुरु होकर 6 मई तक चलनेवाले अलमास शाह बाबा के उर्स को लेकर दरगाह कमिटी द्वारा तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई थी तथा मुशायरे, कव्वाली व संदल जैसे आयोजनों के लिए पुलिस एवं प्रशासन से हर तरह की अनुमतियां भी प्राप्त कर ली गई थी. साथ ही साथ सभी आयोजन के नियोजन हेतु दरगाह कमिटी द्वारा लगातार बैठकें भी की जा रही थी. परंतु इसी दौरान 7 अप्रैल की रात अकोला हाईवे पर बेलोरा गांव के निकट जुनी बस्ती बडनेरा परिसर में अलमास बाबा दरगाह के आसपास रहनेवाले 7 युवकों के साथ भीषण सडक हादसा घटित हुआ. जिसमें 4 युवकों की मौत हो गई तथा 3 युवक बुरी तरह से घायल हुए. जिसके चलते पूरे परिसर में माहौल गमगीन हो गया है. जिसे देखते हुए दरगाह कमिटी ने इस वर्ष कमलीवाले बाबा का उर्स महोत्सव आयोजित नहीं करने का निर्णय लिया है और इस बारे में दरगाह कमिटी की बैठक बुलाते हुए इस वर्ष उर्स महोत्सव के आयोजन को रद्द करने का निर्णय घोषित किया गया. जिसके लिए सभी की सर्वसम्मती रही.
इस संदर्भ में अलमास शाह बाबा दरगाह कमिटी के नायब सदर सत्तार पहेलवान का कहना रहा कि, जुनी बस्ती बडनेरा स्थित कमलीवाले बाबा की दरगाह सामाजिक सौहार्द व धार्मिक एकता का प्रतीक है. क्योंकि इस दरगाह पर सभी जाति व धर्म के लोगों का आना-जाना लगा रहता है. साथ ही साथ जुनी बस्ती बडनेरा परिसर में सभी जाति व धर्म के लोग मिल-जुलकर रहते है और बडे उत्साह के साथ कमलीवाले बाबा के उर्स में हिस्सा भी लेते है. विगत 7 अप्रैल को भीषण सडक हादसे का शिकार हुए सातों युवकों व उनके परिवारों का भी दरगाह के प्रति श्रद्धा रखनेवाले लोगों में समावेश था. साथ ही वे सभी परिसर में काफी मिलनसार भी रहे. जिसके चलते उन 7 में से 4 युवकों की मौत हो जाने तथा 3 युवकों के गंभीर रुप से घायल होने के चलते पूरी जुनी बस्ती बडनेरा में शोक की लहर है. जिसे ध्यान में रखते हुए दरगाह कमिटी सहित जुनी बस्ती बडनेरा परिसरवासियों द्वारा निर्णय लिया गया कि, इस वर्ष अलमास शाह बाबा की दरगाह पर उर्स शरीफ एवं मेले का आयोजन न किया जाए.





