अमरावती की स्वास्थ्य सेवा मजबूत करने मंत्रालय में अहम बैठक

विधायक खोडके दम्पति की पहल

* मंत्री आबिटकर ने दिये सभी मुद्दों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु निर्देश
मुंबई /दि.18 – अमरावती जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंत्रालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक की अध्यक्षता राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर ने की. राज्य विधिमंडल के बजट सत्र के दौरान विधायक संजय खोडके और विधायक सुलभा खोडके ने अमरावती जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े कई गंभीर मुद्दे उठाए थे. इसी के तहत यह विशेष बैठक बुलाई गई, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं के सशक्त क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक में स्वास्थ्य सेवा आयुक्त कादंबरी बलकवड़े, स्वास्थ्य सेवा संचालक डॉ. विजय कांदेवाड सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. इस दौरान जिला सामान्य अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, विभागीय संदर्भ सेवा अस्पताल और ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदमों पर विचार किया गया.बैठक में 102 एंबुलेंस सेवा में आ रही तकनीकी समस्याओं, स्पर्श प्रणाली की खामियों, चिखलदरा और धारणी जैसे दुर्गम क्षेत्रों में ईंधन आपूर्ति की समस्या तथा एंबुलेंस की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई. दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए लंबित मानधन मामलों को तत्काल निपटाने के निर्देश दिए गए.
इसके अलावा, जिले के मेडिकल कॉलेज और जिला महिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ और स्त्री रोग विशेषज्ञ के रिक्त पदों को जल्द भरने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया. तपोवन कुष्ठरोग संस्थान की रिपोर्ट और वहां आवश्यक सुधारों पर भी गंभीरता से विचार किया गया. स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने भरोसा दिलाया कि अमरावती जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि आम जनता से जुड़े स्वास्थ्य संबंधी सभी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल कर एक स्वस्थ और सशक्त अमरावती का निर्माण किया जाएगा.

Back to top button