अजीत दादा की इच्छा के अनुरुप ही खोडके हैं भाजपा के साथ
पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का कथन

* विधायक खोडके दंपति के निवास पर दी सांत्वना पर भेंट
* आज कोई राजनीतिक चर्चा नहीं होने की बात कही
अमरावती/दि.5 – राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मुखिया व राज्य के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की खुद यह इच्छा थी कि, अमरावती महानगर पालिका में सत्ता स्थापना करने हेतु उनकी पार्टी और भाजपा के बीच गठबंधन हो. ऐसे में उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए पार्टी के नेता व विधायक संजय खोडके ने मनपा में सत्ता स्थापित करने हेतु भाजपा के साथ आने पर हामी भरी है. जिसके चलते अब अमरावती महानगर पालिका में भाजपा, अजीत पवार गुट वाली राकांपा तथा युवा स्वाभिमान पार्टी के गठबंधन द्वारा अपनी सत्ता स्थापित की जाएगी, इस आशय का प्रतिपादन भाजपा नेता व राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले द्वारा आज अमरावती दौरे पर रहते समय किया गया.
बता दें कि, आज अमरावती के दौरे पर पहुंचे राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने विधायक खोडके दंपति के राधा नगर परिसर स्थित निवासस्थान पर भेंट दी. जिसके चलते राजनीतिक कयासों का दौर अचानक ही तेज हो गया. बता दें कि, मनपा में सत्ता स्थापित करने हेतु विधायक संजय खोडके ने जहां एक ओर भाजपा को समर्थन देना घोषित किया है, वहीं दूसरी ओर युवा स्वाभिमान पार्टी के साथ सुरक्षित दूरी को बनाए रखा है. ऐसे में इस बात को लेकर संभ्रम बना हुआ है कि, युति के तहत भाजपा के हिस्से में रहनेवाले महापौर पद को लेकर तो विधायक खोडके द्वारा भाजपा का समर्थन किया जाएगा. परंतु युवा स्वाभिमान पार्टी के हिस्से में रहनेवाले उपमहापौर पद के चुनाव को लेकर उनकी क्या भूमिका रहेगी. चूंकि भाजपा को मनपा में अपनी सत्ता स्थापित करने हेतु राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ युवा स्वाभिमान पार्टी के पार्षदों के समर्थन की भी सख्त जरुरत है. जिसके चलते भाजपा द्वारा दोनों दलों के बीच सामंजस्य स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है. जिसे लेकर खुद सीएम फडणवीस ने विधायक संजय खोडके के साथ एक से दो बार फोन पर चर्चा भी की है. वहीं आज खुद प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले भी विधायक खोडके के निवास पर पहुंचे. जिसे सीधे तौर पर मनपा की राजनीति, विशेषकर उपमहापौर पद के चुनाव से जोडकर देखा जाने लगा. परंतु ऐसी तमाम चर्चाओं पर विराम लगाते हुए मंत्री बावनकुले ने मीडिया के साथ बातचीत में कहा कि, उन्होंने आज विधायक खोडके के निवास पर भेंट देते हुए विधायक खोडके दंपति को अजीत दादा का असमय निधन हो जाने के चलते सांत्वना दी तथा दिवंगत अजीत पवार को श्रद्धांजलि देने हेतु आगामी 9 फरवरी को अमरावती में आयोजित होने जा रही शोकसभा के बारे में चर्चा की. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि, चूंकि दिवंगत अजीत दादा पवार खुद यह चाहते थे कि, अमरावती मनपा की सत्ता में भाजपा के साथ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी भी शामिल हो. ऐसे में अजीत दादा की इच्छा सम्मान करते हुए विधायक संजय खोडके ने अमरावती मनपा में सत्ता स्थापित करने हेतु भाजपा के साथ चुनाव पश्चात गठबंधन करना स्वीकार किया है.
विधायक खोडके दंपति से मुलाकात के बाद उनके निवास से बाहर निकले मंत्री बावनकुले ने पूछे गए सवालों के जवाब में कहा कि, उनकी आज खोडके दंपति के साथ राजनीति को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई. बल्कि अजीत दादा का असमय निधन हो जाने के चलते उन्हें श्रद्धांजलि देने हेतु आगामी सोमवार 9 फरवरी को शाम 6 बजे अमरावती में आयोजित होने जा रही शोकसभा के आयोजन व नियोजन को लेकर उन्होंने खोडके दंपति से चर्चा की. साथ ही उन्होंने खोडके दंपति को ढांढस बंधाते हुए उन्हें सांत्वना दी एवं अजीत पवार के निधन पर शोक भी जताया. लगभग इसी तरह का बयान विधायक संजय खोडके द्वारा भी दिया गया. जिन्होंने दैनिक ‘अमरावती मंडल’ से विशेष तौर पर बातचीत करते हुए कहा कि, मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने आज उनके निवास पर पहुंचने के बाद राजनीति को लेकर कोई भी चर्चा नहीं की है. बल्कि उन्होंने केवल अजीत दादा के निधन पर शोक जताते हुए सांत्वना व्यक्त की.
* कांग्रेस वालों का दिमाग ठिकाने पर नहीं
इस समय संसद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भाजपा को रक्षा संबंधी मामलों पर जबरदस्त तरीके से घेरे जाने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री बावनकुले ने कहा कि, इस समय कांग्रेस पार्टी के लक्षण बेहद बुरे चल रहे है और जिन्हें देखते हुए कहा जा सकता है कि, कांग्रेस पार्टी के नेताओं का दिमाग ठिकाने पर नहीं है. साथ ही कांग्रेस पार्टी के लगभग सभी नेता मानसिक तौर पर दिवालियां हो चुके है. यही वजह है कि, कांग्रेस द्वारा सडक से लेकर संसद तक गैर जिम्मेदार विपक्ष के रुप में काम किया जा रहा है. यही वजह है कि, कांग्रेस पार्टी को देश की जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है और यदि ऐसे ही चलता रहा, तो एक दिन देश में कांग्रेस का अस्तित्व भी खत्म हो जाएगा.





