दसवीं की परीक्षा की तैयारी करनेवाली छात्रा का अपहरण
चांदुर रेलवे तहसील की घटना

चांदुर रेलवे/दि.26 – दसवीं की परीक्षा की पढाई कर रही एक नाबालिग छात्रा को अज्ञात युवक ने अपने प्रेमजाल में फसाकर उसे अगवा कर लिया. इस प्रकरण में चांदुर रेलवे पुलिस ने 24 फरवरी को मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.
जानकारी के मुताबिक पीडित छात्रा दसवीं में शिक्षा ले रही है. उसकी अभी परीक्षा शुरु है. सोमवार को सुबह छात्रा के पिता और मां मजदूरी के लिए गए थे और भाई शाला में गया था. छात्रा परीक्षा की पढाई के लिए घर पर ही थी. दोपहर 4 बजे के दौरान जब उसका भाई शाला से घर लौटा, तो उसे अपनी बहन घर पर दिखाई नहीं दी. शाम 5 बजे माता-पिता काम से घर लौटे, तब यह बात उनके ध्यान में आई. परिवार के सदस्यों ने उसकी सभी तरफ तलाश की. लेकिन कहीं पता नहीं चला. रिश्तेदारों के यहां भी पूछताछ की गई, तो वह किसी के यहां नहीं गई, यह बात स्पष्ट हुई. आखिरकार बेटी घर से लापता होने की शिकायत पिता ने दर्ज करवाई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





