गाडी हटाने के विवाद में चाकू से हमला, एक घायल
आरोपी मौके से फरार, पठान चौक की घटना

अमरावती /दि.30 – नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के पठान चौक परिसर में रविवार 29 मार्च की रात मामूली विवाद ने हिंसक रुप ले लिया. घर के सामने खडी गाडी हटाने को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया. जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया. घायल का नाम शेख मुर्तूजा शेख मेहबूब (50) बताया गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10 बजे शेख मुर्तूजा के घर पर मेहमान आनेवाले थे. इस दौरान घर के सामने खडी गाडी हटाने को लेकर उनका आरोपी पक्ष से विवाद हो गया. देखते-देखते विवाद इतना बढ गया कि, आरोपियों ने धारदार हथियार से शेख मुर्तूजा के सिर पर हमला कर दिया. हमले में वह गंभीर रुप से घायल हो गया. घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है. इस हमले में मुख्य आरोपी शहजाद के साथ अन्य 3 से 4 लोगों का भी समावेश बताया जा रहा है.
सूत्रों के अनुसार हमला करनेवाले आरोपी कुख्यात बताए गए है और उन पर हमले से हत्या जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज होने की बात सामने आई है. घटना की सूचना मिलते ही नागपुरी गेट पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरु कर दी. समाचार लिखे जाने तक पुलिस घायल का बयान दर्ज कर रही थी तथा आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी थी. पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है.





