विधायक लवटे का गुडधे परिवार और पिता ने माना आभार
विवाहिता की अस्पताल में हुई थी मृत्यु

दर्यापुर/दि.8 – खारतलेगांव की विवाहिता पल्लवी भूषण गुडधे की जिला स्त्री अस्पताल के चिकित्सकों की लापरवाही से हुई मौत का विषय विधान मंडल और विविध स्तरों पर प्रखरता से उठाने एवं डॉक्टर्स सहित संबंधितों पर एक्शन लेने-लगाने के कारण यहां के विधायक व शिवसेना उबाठा नेता गजानन लवटे का गुडधे परिवार ने आभार माना है. पल्लवी के पिता विनायक मोहने ने भी विधायक लवटे के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है.
पल्लवी गुडधे की गत 16 जनवरी को डफरीन अस्पताल में उपचार के बाद मृत्यु हो गई थी. उसे परिवार नियोजन ऑपरेशन के लिए एनेस्थेशिया दिया गया था. दोबारा एनेस्थेशिया दिए जाने से पल्लवी कोमा में चली गई थी. उनकी तबीयत बिगड जाने से निजी अस्पताल में भर्ती किया गया, किंतु बचाया न जा सका. ऐसे में पल्लवी की मौत के लिए डॉक्टर्स जिम्मेदार रहने का दावा कर मोर्चा निकाला गया. जिसके बाद डॉक्टर को निलंबित किया गया. जिससे गुडधे और मोहने परिवार को कुछ अंश में न्याय की आशा जागी.
विधायक लवटे ने पल्लवी और उसके परिवार को न्याय दिलाने सदन में ध्यानाकर्षण के जरिए न केवल विषय उठाया, बल्कि स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर के साथ चर्चा की. ऐसे में विधायक लवटे के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई. इस समय भूषण गुडधे, शिवसेना चांदुर बाजार के तहसील संगठक सुरेश काकडे, सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण आठवले उपस्थित थे.





