दीवार के मलबे में दबकर मजदूर की मौत

एकलारा गांव में घर का निर्माण जारी रहते समय हुआ हादसा

अमरावती /दि.30- अंजनगांव सुर्जी तहसील के रहिमापुर पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत एकलारा गांव में एक घर का निर्माण कार्य शुरु रहते समय अचानक ही दीवार और कॉलम ढहकर गिर जाने के चलते उसके मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई. यह घटना 28 मार्च को सुबह 10 बजे के आसपास उजागर हुई. मृतक मजदूर का नाम प्रफुल श्रीकृष्ण शेवाणे (35, एकलारा) बताया गया है. इस मामले में रहिमापुर पुलिस ने घर मालिक गजानन देवीदास काकड (42) के खिलाफ अपराध दर्ज करते हुए जांच शुरु कर दी है.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक एकलारा गांव निवासी गजानन देवीदास काकड (42) के घर का निर्माण कार्य चल रहा है. जहां पर शनिवार की सुबह 6 बजे के आसपास प्रफुल शेवाणे और सुरेश खंडारे नामक दो मजदूर घर के कॉलम के पास मिट्टी भरने का काम कर रहे थे. सुबह 10 बजे के आसपास निर्माण की जा रही दीवार और सीमेंट का कॉलम अचानक भरभराकर प्रफुल शेवाणे के उपर गिर पडे. जिससे प्रफुल शेवाणे के सिर पर काफी गहरी चोट लगी और जबरदस्त रक्तस्त्राव होने के चलते प्रफुल शेवाणे की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना को लेकर मृतक के भाई अनिल शेवाणे ने रहिमापुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. जिसके आधार पर रहिमापुर पुलिस ने लापरवाही के चलते मौत की धाराओं के तहत घर मालिक गजानन काकड के खिलाफ अपराध दर्ज करते हुए जांच शुरु की.

Back to top button