मकान की दीवार ढहने से मजदूर की मौत
मालिक पर लापरवाही का मामला दर्ज

एकलारा गांव की घटना
रहीमापुर/दि.30– निर्माणाधीन मकान पर काम के दौरान दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो जाने की घटना सामने आयी है. इस मामले में मृतक के परिजनों द्वारा की गई शिकायत पर पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ लापरवाही से मृत्यु हो जाने का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. मृतक का नाम प्रफुल श्रीकृष्ण शेवाने (35) बताया गया है.
जानकारी के मुताबिक यह घटना शनिवार 28 मार्च को सुबह 10 बजे के करीब ग्राम एकलारा में घटी. आरोपी गजानन देविदास काकड (35, एकलारा) के घर के निर्माण का कार्य चल रहा था. इस काम पर प्रफुल श्रीकृष्ण शेवाने (35) मजदूर के रुप में काम कर रहा था. शनिवार को सुबह करीब 6 बजे प्रफुल्ल शेवाने अन्य मजदूरों के साथ निर्माण कार्य स्थल पर पहुंचा. वह मिट्टी भरने का काम कर रहा था. इस दौरान निर्माणाधीन संरचना के पास बनी दीवार और कॉलम अचानक ढह गये. जिसमें प्रफुल शेवाने दब गया और उसे गंभीर चोटें आयी.
घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिजन मौके पर पहुंचे. जहां प्रफुल शेवाने खुन से लथपथ अवस्था में पडा था. उसे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पश्चात परिजनों ने प्रफुल को पास के ग्रामीण अस्पताल में दाखिल किया. जहां डॉक्टरों ने जांच करने के बाद उसे मृत घोषित किया. इस घटना को लेकर परिजनों में काफी आक्रोश था. मामला पुलिस स्टेशन पहुंचा. मृतक के भाई अनिल श्रीकृष्ण शेवाने की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी मकान मालिक के खिलाफ लापरवाही से मौत होने का अपराध दर्ज किया और जांच शुरु कर दी. अधिकारियों का कहना है कि, निर्माणकार्य में सुरक्षा उपायों में लापरवाही की जांच की जा रही है. दोषी पाये जाने पर संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





