रात में तेंदुए की दहशत, सुबह पागल कुत्ते का हमला

बेनोडा /दि.18 – गांव में सोमवार का दिन दहशतभरा रहा. भोर में गांव में तेंदुए के घुसने की चर्चा से लोग संभल भी नहीं पाए थे कि सुबह एक पागल कुत्ते ने कई लोगों को काटकर घायल कर दिया.
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4 बजे गांव में किसी जंगली जानवर के घुसने की आशंका से ग्रामीणों में खलबली मच गई. खेतों की ओर जाने वाले किसानों और मजदूरों में डर का माहौल बन गया. लोगों ने बताया कि खेत के पास एक बड़ा जंगली जानवर दिखाई देने से वे घरों से बाहर निकलने से डरने लगे. वन विभाग को सूचना देने की तैयारी चल ही रही थी कि कुछ ही घंटों बाद नई मुसीबत सामने आ गई. जब सुबह का उजाला होते ही गांव में एक पागल कुत्ता घूमता दिखाई दिया और उसने राह चलते लोगों पर हमला शुरू कर दिया. दो बच्चों सहित कुल छह लोग घायल हो गए. घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.
इस घटना के चलते देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया और कई लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए.
* आखिरकार कुत्ते को मारना पड़ा
ग्राम पंचायत कर्मियों और नागरिकों ने मिलकर कुत्ते को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार लोगों को काटता रहा. दोपहर करीब 12 बजे उसे मार गिराया गया, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.
* वन विभाग से सुरक्षा की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र खेत-खलिहानों से घिरा है, इसलिए जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है. उन्होंने वन विभाग से नियमित गश्त और सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग बच्चों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं.





