गरीबों के राशन पर डाका! अमरावती में फल-फूल रहा काला बाजार
शिरजगांव कस्बा में 47 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल जब्त

* नांदगांव खंडेश्वर में भी छापा, सरकारी अनाज की कालाबाजारी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब
अमरावती / दि.12 -अमरावती जिले में गरीबों के हिस्से का सरकारी राशन खुलेआम काले बाजार में बेचा जा रहा है. सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत मिलने वाला अनाज माफिया के हाथों में पहुंचकर बाजार में बेचा जा रहा है. हाल ही में शिराजगांव कस्बा पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई ने इस पूरे रैकेट की पोल खोल दी है.
पुलिस और आपूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई में शिरजगांव कस्बा क्षेत्र के डोबानपुरा स्थित कार्तिक साई ट्रेडर्स के गोदाम पर छापा मारकर 47 क्विंटल ‘फोर्टिफाइड’ चावल जब्त किया गया. यह वही पौष्टिक चावल है जो सरकारी योजनाओं के तहत गरीब लाभार्थियों को वितरित किया जाता है. इस मामले में पुलिस ने आरोपी कमलेश्वर मनोहरराव केदार (50, निवासी नवीन वस्ती पाला, शिरजगांव कस्बा) के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. चांदुर बाजार तहसील के आपूर्ति निरीक्षक जितेंद्र पाटिल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 19 फरवरी की रात टीम ने गोदाम पर छापा मारा. जांच के दौरान 50 किलो वजन के चावल के 86 बोरे बरामद हुए. मुंबई स्थित राष्ट्रीय खाद्य प्रयोगशाला की रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि जब्त चावल ‘फोर्टिफाइड’ है और सरकारी योजनाओं में वितरण के लिए निर्धारित था. इससे साफ हो गया कि गरीबों के हक का राशन बाजार में बेचने के लिए जमा किया गया था. इस खुलासे के बाद जिले में राशन माफिया के सक्रिय होने की आशंका और गहरा गई है. पुलिस का मानना है कि इस पूरे मामले के पीछे एक बड़ा गिरोह सक्रिय हो सकता है, जो सरकारी कोटे का अनाज उठाकर काला बाजार में बेच रहा है. मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है.
* नांदगांव खंडेश्वर में भी पकड़ा गया राशन का माल
जिले में राशन की कालाबाजारी का यह पहला मामला नहीं है. 9 मार्च को नांदगांव खंडेश्वर पुलिस ने भी सस्ते अनाज योजना के तहत अवैध रूप से अनाज ले जाते दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की. पुलिस ने एक ऑटो रिक्शा से भारी मात्रा में राशन का अनाज बरामद किया. जब्त माल में 11.38 क्विंटल चावल, 1.80 क्विंटल शक्कर, 1.60 क्विंटल गेहूं, 1.07 क्विंटल ज्वार शामिल है. इस मामले में नाचनगांव निवासी सुमित कटके (34) और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.





