महायुति सरकार ने घोषणापत्र का बडा वादा किया पूरा, सर्वत्र स्वागत
महाराष्ट्र के किसानों के दो लाख तक कर्ज माफ

* राज्य का बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का ऐलान
* नियमित कर्ज चुकाने वाले किसानों को 50-50 हजार अनुदान
* शिक्षा, स्वास्थ्य, मूलभूत सुविधाओं के खर्च में बढोत्तरी
* अजीत दादा पवार का आधुनिक स्मारक स्थापित करने की घोषणा
* 75 हजार नई पदभर्ती का भी ऐलान
* लाडकी बहन योजना के लिए पर्याप्त धन आवंटन
* बालासाहब ठाकरे का स्मारक जून में हो जाएगा पूर्ण
* 5 ट्रिलियन डॉलर होगी प्रदेश की अर्थव्यवस्था
* बजट की कापी सदस्यों को भी नहीं दी, वेबसाइट पर उपलब्ध होने का दावा
मुंबई /दि.6- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज राज्य का अगले वित्त वर्ष हेतु अर्थसंकल्प प्रस्तुत करते हुए बहुप्रतीक्षित किसान हितैषी घोषणा करते हुए सितंबर 2025 तक पात्र किसानों के 2 लाख रुपए तक कर्ज अहिल्यादेवी होलकर योजनांतर्गत पूरी तरह माफ करने का बडा ऐलान कर दिया. महायुति सरकार ने पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव के समय कर्जमाफी का वचन दिया था. उसे आज पूर्ण करने का ऐलान वित्त मंत्री के रुप में बजट प्रस्तुत करते हुए सीएम फडणवीस ने कर दिया. अधिकांश सदस्यों द्वारा इस घोषणा का मेजे थपथपाकर और घोषणाएं देकर स्वागत किया गया. वहीं सीएम ने यह भी कहा कि, नियमित रुप से कर्ज चुकाने वाले किसानों को भी 50-50 हजार का अनुदान दिया जाएगा. उन्होंने बजट में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कर राज्य में चल रही मुख्यमंत्री लाडकी बहना योजना के वास्ते भरपूर फंड का भी प्रावधान कर दिया. सीएम ने एक हजार की आबादी वाले गांव को भी कांक्रिट सडक से जोडने की बडी घोषणा बजट में की. उसी प्रकार महात्मा फुले और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं में बडे रोगों के उपचार, अवयव प्रत्यारोपण के 22 लाख रुपए तक उपचार खर्च को शासन द्वारा किये जाने का ऐलान किया. उनकी यह घोषणा भी विधानसभा में तालियां बटोर गई. किंतु सीएम ने कई योजनाओं के प्रस्तावित खर्चों के आंकडे नहीं बताये. उसी प्रकार विधान मंडल के सदस्यों के लिए भी बजट की फिजिकल कापी नहीं दी गई. जिस पर शिवसेना सदस्य भास्कर जाधव ने आपत्ति उठाई. किंतु अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने उन्हें यह कहकर शांत कर दिया कि, डिजिटल कापी उपलब्ध है और अब आपको भी डिजिटाइज होना पडेगा. नये माध्यम सीखने पडेंगे. सीएम ने अपने संबोधन को शे‘र और कविताओं से सजाया.
* किसानों को बनाएंगे आत्मनिर्भर
मुख्यमंत्री फडणवीस ने किसान कर्जमाफी की बडी घोषणा के साथ ही किसानों को आत्मनिर्भर बनाने एआई का भरपूर इस्तेमाल करने की घोषणा करते हुए बजट में इस संबंध में प्रावधान होने की जानकारी सदन को दी. उन्होंने दावा किया कि, 30 लाख किसानों को एआई के माध्यम से जलवायु की जानकारी तुरंत और एडवान्स में दी जा रही है. प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों की संख्या 5 लाख से बढ गई है. उनकी खेती-बाडी की लागत कम करने और अच्छे मार्केट उपलब्ध करवाने पर महायुति सरकार जोर दे रही है. सीएम ने दावा किया कि, राज्य में 1 करोड 31 लाख से अधिक किसानों की फार्मर आईडी बन गई है. देश में राज्य इस मामले में अव्वल है.
* दुर्घटना बीमा का मिलेगा लाभ
सीएम फडणवीस ने अर्थसंकल्प रखते हुए कई घोषणाओं, योजनाओं, महामंडल निर्मिति की घोषणाएं की. उन्होंने कहा कि, गोपीनाथ मुंडे दुर्घटना राहत योजना का लाभ खेतीहर मजदूरों को भी प्राप्त होगी. उसी प्रकार पशुधन उद्योग योजना अंतर्गत मत्स पालन को भी खेती किसानी में जोड लिया गया है. जिससे मत्स उत्पादन बढाने बैंकों से लोन और अन्य सुविधाएं मिलेगी. उन्होंने प्रोत्साहन के लिए 1240 करोड के प्रावधान की घोषणा की.
* अजीत दादा को किया याद
संबोधन के आरंभ में ही मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीतदादा पवार को श्रद्धा से स्मरण करते हुए उनके अतिआधुनिक स्मारक का ऐलान किया. उसी प्रकार देहू सहित विविध धार्मिक स्थलों के विकास की घोषणाएं भी संत महात्माओं को याद करते हुए की.
* बालासाहब ठाकरे का स्मारक जून तक
मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि, बालासाहब ठाकरे का शताब्दी वर्ष शुरु है, ऐसे में उनके स्मारक का पहला चरण पूर्ण हो गया है. दूसरा चरण आगामी जून तक पूर्ण हो जाएगा. देवेंद्र फडणवीस ने बालासाहब ठाकरे के नाम से अनेक शासकीय योजनाएं शुरु करने की घोषणा अपने करीब 70 मिनट के बजट भाषण में की. उनके भाषण के कुछ घोषणाओं पर सत्तापक्ष ने जहां मेजे बजाकर स्वागत किया. वहीं विपक्ष के कुछ नेताओं खासकर आदित्य ठाकरे, भास्कर जाधव, जयंत पाटिल, नाना पटोले ने टोकाटोकी की थी.
* 2399 बीमारियों में मुफ्त इलाज
मुख्यमंत्री फडणवीस ने महात्मा फुले और अन्य स्वास्थ्य योजनाओं में बीमारियों की संख्या 1056 से बढाकर 2399 करने का दावा किया. यह भी कहा कि, योजना का लाभ लेने राज्य के अस्पतालों की संख्या 1792 से बढाकर 4537 हो गई है. अधिकाधिक लोग हारी बीमारी में इन अस्पतालों में जाकर नि:शुल्क उपचार करवा सकते हैं. सीएम ने एक बडा ऐलान 9 प्रकार की अवयव प्रत्यारोपण शल्यक्रिया को लेकर किया. जिसके अनुसार अब 22 लाख रुपए तक ऑपरेशन फ्री होंगे. पहले यह मर्यादा 5 लाख रुपए थी.
* गांवों में कैंसर, मधुमेह की हर वर्ष जांच
प्रदेश के सभी गांवों में कैंसर, मधुमेह, हृदय की बीमारियों की वर्ष में एक बार नि:शुल्क जांच करने की घोषणा सीएम ने बजट प्रस्तुत करते हुए की और इसके लिए 4500 करोड के प्रावधान का ऐलान कर कहा कि, प्रदेश के सभी स्वायत्त संस्थाओं में भी यह योजना लागू होगी. इसके लिए शहरी स्वास्थ्य आयुक्तालय स्थापित किया जा रहा हैं. इसकी जगह अभी नहीं बतायी गई.
* एमएसएमई संचालनालय
मुख्यमंत्री ने छोटे और सूक्ष्म उद्योगों को बढावा देने राज्य में एमएसएमई संचालनालय स्थापित करने का ऐलान आज के बजट में किया. उन्होंने एमएसएमई के माध्यम से राज्य में उद्योगों को बढावा देने, बेरोजगारी कम करने के लिए पर्याप्त धन और सुविधाएं देने की बात कही. सीएम ने अपने संबोधन में बार-बार विजन-2047 का लक्ष्य का उल्लेख किया और कहा कि, राज्य की अर्थव्यवस्था पांच ट्रिलियन डॉलर तक ले जानी है.
* 25 लाख लखपति दीदी
सीएम फडणवीस ने दावा किया कि, राज्य में पिछले वर्ष से शुरु किये गये उपक्रमों के कारण 33 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य पूर्ण किया गया है. अगले 2026-27 के बजट में और 25 लाख लखपति दीदी बनाने का टारगेट है. इसके लिए भरपूर प्रावधान और सुविधाएं दी जा रही है. महिलाओं को आगे आकर शासन की योजना का लाभ लेना चाहिए.
* ज्योतिराव और सावित्री फुले स्मारक
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अजीत दादा पवार स्मारक के अलावा कई स्मारकों, पर्यटन स्थलों के विकास, धर्म क्षेत्र के विकास, छत्रपति शिवाजी महाराज के गढ के संवर्धन हेतु भरपूर फंड का प्रावधान होने का दावा किया. उन्होंने सातारा जिले में महात्मा ज्योतिबा फुले के पैतृक गांव खटाव में उनका स्मारक और सावित्री फुले के नायगांव स्थित जन्मस्थान पर स्मारक बनाने की घोषणा सदस्यों की तालियों के बीच की.
* सीएम और पीएम सडक योजना के काम प्रगती पर
मुख्यमंत्री फडणवीस ने दावा किया कि, राज्य में सीएम सडक योजनांतर्गत 97 प्रतिशत कार्य पूर्ण करते हुए 2450 किमी सडकों का निर्माण किया गया. उसी प्रकार प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना में भी 782 पुल सहित 26558 किमी मार्ग पूर्ण किये गये है. अगले चरण में 6331 राज्य महामार्ग और 5086 किमी ग्रामीण मार्ग पूर्ण करने का ऐलान किया.
* 1 हजार की आबादी, बनेगी कांक्रिट की सडक
बजट रखते हुए सीएम ने राज्य के 1 हजार की जनसंख्या वाले गांव को भी कांक्रीट की सडक से जोडने का बडा ऐलान किया. उन्होंने मुंबई से लेकर गोंदिया तक सडकों के अनेक प्रोजेक्ट का उल्लेख कर भरपूर फंड आवंटन की घोषणा की. मगर आंकडा नहीं बताया. सीएम ने यह बात बजट भाषण में कबूल भी की कि, आंकडा नहीं दिया जा रहा है. प्रावधान भरपूर किया गया है. सीएम ने दावा किया कि, सभी सडकों के निर्माणकार्य चल रहे है और शीघ्र पूर्ण होंगे. कहीं भी धन की कमी नहीं होने दी जाएगी.
* विदर्भ के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं
– रामटेक के पास फिल्म सिटी का निर्माण
– नागपुर में जनस्वास्थ्य आयुक्तालय
– अकोला और अमरावती विमानतल का विकास
– बल्लारशाह में सागौन विकास प्राधिकरण
– अमरावती संभाग में 86 क्रीडा केंद्र