57 हजार किसानों की जेब में अब ‘महाविस्तार एआई’

कृषि विभाग की डिजिटल पहल से खेती को मिला नया संबल

अमरावती/दि.6 – आधुनिक तकनीक के माध्यम से किसानों का जीवन अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में जिला कृषि विभाग ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. विभाग द्वारा विकसित ‘महाविस्तार एआई ऐप’ वर्तमान में जिले के 57 हजार से अधिक किसानों के लिए एक डिजिटल सहायक बन चुका है. इस ऐप के जरिए खेती से जुड़ी सलाह से लेकर बाजार भाव तक की संपूर्ण जानकारी एक क्लिक में उपलब्ध हो रही है.
‘महाविस्तार एआई’ ऐप कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित है, जिसे पारंपरिक कृषि और आधुनिक तकनीक के बीच की दूरी कम करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है. किसानों के सवालों के समाधान के लिए इसमें चैटबॉट सुविधा उपलब्ध है. विशेष बात यह है कि पहले जहां 10 सवालों की सीमा थी, उसे बढ़ाकर अब 20 सवाल कर दिया गया है. किसान अपनी मातृभाषा में संवाद कर सकते हैं. इस ऐप के माध्यम से विभिन्न कृषि उपज मंडियों के ताजा बाजार भाव, दैनिक सटीक मौसम पूर्वानुमान, उर्वरक नियोजन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर प्राप्त हो रही है. इससे किसानों को फसल बिक्री और कृषि प्रबंधन से जुड़े निर्णय लेने में आसानी हो रही है.
इस डिजिटल पहल से खेती का प्रबंधन अधिक प्रभावी होगा और तकनीक की सहायता से उत्पादन बढ़ाने में किसानों को बड़ी मदद मिलेगी. किसानों से अपील करते हुए जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी अर्चना निस्ताने ने कहा कि समय और धन की बचत के लिए किसान इस आधुनिक तकनीक का अधिकाधिक उपयोग करें तथा गूगल प्ले स्टोर से ‘महाविस्तार एआई’ ऐप डाउनलोड कर डिजिटल क्रांति का हिस्सा बनें.

 

Back to top button