महावितरण की वसूली मुहिम तेज, किसानों से बिजली बिल भरने की अपील

7.5 एचपी से अधिक क्षमता वाले कृषि पंपधारकों पर 201.64 करोड़ की बकाया राशि

अमरावती/दि.20- अमरावती परिमंडल के अंतर्गत अमरावती और यवतमाल जिलों में 7.5 एचपी या उससे अधिक क्षमता वाले कृषि पंपधारक किसानों पर कुल 201 करोड़ 64 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है. इस बकाया की वसूली के लिए महावितरण ने मार्च माह में विशेष अभियान शुरू किया है, जिसके तहत कर्मचारी घर-घर जाकर बिल वसूल रहे हैं.
मुख्य अभियंता अशोक सालुंके ने किसानों से अपील की है कि वे लंबित बिजली बिल जल्द से जल्द जमा कर सहयोग करें, ताकि विद्युत सेवा सुचारू रूप से जारी रखी जा सके. महावितरण ने स्पष्ट किया है कि ‘बलीराजा मुफ्त बिजली योजना’ सभी किसानों पर लागू नहीं है. यह योजना केवल 7.5 एचपी से कम क्षमता वाले कृषि पंपों के लिए लागू है. इस योजना के तहत वर्ष 2025 से 2030 तक ऐसे पंपों का चालू बिजली बिल शून्य किया गया है. वहीं, 7.5 एचपी या उससे अधिक क्षमता वाले पंपधारकों के लिए बिजली बिल का भुगतान अनिवार्य है. किसानों को दिन के समय बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य में ‘मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना’ लागू की जा रही है. इसके तहत सौर ऊर्जा परियोजनाएं, फीडर पृथक्करण, नई बिजली लाइनें, ट्रांसफार्मर और उपकेंद्र स्थापित किए जा रहे हैं. परिमंडल के लगभग 2.80 लाख किसानों में से करीब 70 प्रतिशत को दिन में बिजली आपूर्ति का लाभ मिल रहा है.
आंकड़ों के अनुसार, 7.5 एचपी से अधिक क्षमता वाले कुल 6,076 कृषि पंपधारक किसानों पर यह बकाया है. इनमें अमरावती जिले के 4,098 किसानों पर 106.02 करोड़ रुपये तथा यवतमाल जिले के 1,978 किसानों पर 95.62 करोड़ रुपये की बिजली बिल राशि लंबित है. महावितरण ने सभी बकायाधारक किसानों से समय पर बिल जमा कर अभियान में सहयोग करने की अपील की है.

Back to top button