अकोला में डकैती की बड़ी साजिश नाकाम
अंतरराज्यीय गैंग के 3 बदमाश गिरफ्तार, दो आरोपी फरार

* पिस्टल, कारतूस व एक्सयूवी-500 सहित 10.59 लाख का माल जब्त
अकोला/दि.17 – अकोला शहर में एक बड़ी आपराधिक वारदात को स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने समय रहते विफल कर दिया. पुलिस ने वाशिम बायपास क्षेत्र में घेराबंदी कर डकैती की योजना बना रहे अंतरराज्यीय गिरोह के तीन हथियारबंद सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, धारदार हथियार और एक महिंद्रा एक्सयूवी-500 वाहन सहित कुल 10 लाख 59 हजार 700 रुपये का माल बरामद किया है.
जानकारी के अनुसार, 14 मार्च को स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक शंकर शेलके को सूचना मिली थी कि वाशिम बायपास स्थित अंबिका नगर रोड पर कुछ संदिग्ध युवक सफेद रंग की एक्सयूवी-500 कार की नंबर प्लेट बदल रहे हैं और किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक के मार्गदर्शन में एलसीबी टीम ने तत्काल मौके पर जाल बिछाया. पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान निहाल अहमद फिरोज अहमद (अमरावती), सैयद अली सैयद अनीस (शेगांव) और शेख इलियास शेख अयाज (अकोला) के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान वाहन से फर्जी नंबर प्लेट, मास्क, हैंड ग्लव्स और लोहे की आरी जैसे उपकरण भी बरामद किए गए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि गिरोह किसी गंभीर अपराध की तैयारी में था.
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह पहले भी गंभीर अपराधों में शामिल रहा है. अगस्त 2025 में बुलढाणा जिले के मलकापुर में एक व्यापारी के अपहरण और 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने की घटना में भी इनका नाम सामने आया था. इस मामले में बाद में राजस्थान के कोटा में पुलिस कार्रवाई के दौरान इन्हें गिरफ्तार किया गया था. मुख्य आरोपी शेख इलियास एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर पहले भी एमपीडीए के तहत कार्रवाई हो चुकी है. आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, डकैती और अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं.
इस मामले में पुराना शहर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है. इस सफल कार्रवाई के बाद अकोला पुलिस की मुस्तैदी की शहरभर में सराहना की जा रही है.





