शहर के मुख्य बाजारपेठ में डेरा जमाकर बैठे घुमंतूओं का करे बंदोबस्त
कांग्रेस के शहराध्यक्ष व पूर्व विपक्ष नेता बबलू शेखावत की महापौर से मांग

अमरावती/दि.17- शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र मुख्य बाजार में बढ़ते अतिक्रमण और घुमंतुओ के डेरा जमाने से स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है. इस संबंध में अमरावती शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं मनपा में विपक्ष के पूर्व नेता बबलू शेखावत ने मनपा महापौर श्रीचंद तेजवानी को पत्र देकर तत्काल निरीक्षण और ठोस कार्रवाई की मांग की है.
बबलू शेखावत ने महापौर को सौंपे पत्र में कहा है कि वे आगामी दिनों में स्वच्छ अमरावती, सुंदर अमरावती अभियान के तहत शहर में स्वच्छता निरीक्षण करनेवाले हैं, जो सराहनीय है. हालांकि, मुख्य बाजार क्षेत्र में बड़ी संख्या में अतिक्रमणकारी और अस्थायी रूप से बसे घुमंतुओं के कारण गंदगी फैल रही है. इससे स्थानीय व्यापारियों के व्यवसाय पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है और ग्राहकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि मुख्य बाजार में प्रतिदिन करोड़ों रुपये का कारोबार होता है, लेकिन अस्वच्छ वातावरण के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है. साथ ही, बाहर से आने वाले पर्यटकों और नागरिकों पर शहर की नकारात्मक छवि बन रही है. शेखावत ने बताया कि पूर्व विधायक रावसाहेब शेखावत के कार्यकाल में अतिक्रमण पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए गए थे, जिससे स्थिति में सुधार हुआ था. उन्होंने महापौर श्रीचंद तेजवानी से मांग की कि मनपा के अतिक्रमण निवारण विभाग और स्वच्छता विभाग की सहायता से मुख्य बाजार का तत्काल निरीक्षण कर घुमंतुओं का अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए. नागरिकों ने भी मनपा महापौर से इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की अपेक्षा जताई है, ताकि शहर की स्वच्छता और छवि में सुधार हो सके.





