खेती के विवाद को लेकर व्यक्ति ने की आत्महत्या
पत्नी शव लेकर पहुंची पुलिस स्टेशन, मामला दर्ज

* वरुड थाना क्षेत्र के राजुरा बाजार की घटना
अमरावती /दि.12 – वरुड तहसील के राजुरा बाजार में रहनेवाले एक 45 वर्षीय व्यक्ति ने खेती विवाद के चलते धमकी दिए जाने से जहर गटककर आत्महत्या कर ली. मृतक की पत्नी ने अपने पति का शव वरुड पुलिस स्टेशन ले जाकर शिकायत दर्ज की. पुलिस ने शिकायतकर्ता महिला द्वारा किए गए आरोप के चलते संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आत्महत्या करनेवाले व्यक्ति का नाम दिलीप माहुरे है.
जानकारी के मुताबिक 10 फरवरी को दोपहर में दिलीप माहुरे ने अपने घर में विष प्राशन कर लिया. पश्चात उसे उपचार के लिए वरुड के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती किया गया था. जहां बुधवार को सुबह उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई. बताया जा रहा है कि, राजुरा बाजार निवासी हरी भोंडे के साथ दिलीप माहुरे का खेती को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते भोंडे ने माहुरे को धमकी दी थी. इसके बाद 10 फरवरी को दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ. आरोप है कि, भोंडे ने माहुरे को गाली-गलौज करते हुए जान स मारने की धमकी दी. जिससे भयभीत होकर दिलीप माहुरे ने आत्महत्या कर ली. इस संबंध में मृतक की पत्नी प्रतिभा दिलीप माहुरे ने वरुड पुलिस में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया. लेकिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं की जा रही थी. इसके बाद पत्नी और परिजनों ने मृतक का शव लेकर सीधे पुलिस थाने पहुंचकर हंगामा किया. इसके बाद वरुड पुलिस ने शिकायत दर्ज करते हुए हरी भोंडे के खिलाफ बीएनएस की धारा 352, 351 (2) के तहत मामला दर्ज किया है. इस प्रकरण की आगे की जांच थानेदार अर्जुन ठोसरे के मार्गदर्शन में वरुड पुलिस द्वारा की जा रही है.