‘मराठीचे पहिले पाऊल’ व्याकरण पुस्तक का हुआ प्रकाशन
एडीफाई स्कूल में मराठी भाषा दिवस पर हुआ लोकार्पण

अमरावती /दि.28 – मराठी भाषा दिवस के अवसर पर स्थानीय एडीफाई स्कूल में ‘मराठीचे पहिले पाऊल’ नामक मराठी व्याकरण पुस्तक का लोकार्पण उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. जेकब दास तथा प्रशासनिक प्रमुख अतुल आंभोरे उपस्थित रहे.
कार्यक्रम की शुरुआत ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित साहित्यकार वि. वा. शिरवाडकर (कुसुमाग्रज) की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ की गई. डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. जेकब दास, प्रशासनिक प्रमुख अतुल आंभोरे, स्कूल समन्वयक तथा सभी हाउस मास्टर्स के हस्ते दीप प्रज्वलित किया गया. इसके पश्चात डायरेक्टर प्रिंसिपल के हाथों मराठी विभाग प्रमुख दिलीप खोब्रागडे, मराठी शिक्षिका प्रिया खरबडे एवं विद्या तिखिले द्वारा लिखित ‘मराठीचे पहिले पाऊल’ व्याकरण पुस्तक का विधिवत उद्घाटन किया गया.
कार्यक्रम का संचालन प्रिया खरबडे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन विद्या तिखिले ने किया. मराठी भाषा दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई. कक्षा पांचवीं के विद्यार्थी लक्ष मोकले ने भाषण प्रस्तुत किया, वहीं कक्षा नौंवी के विद्यार्थियों प्रसन्ना, पार्थ एवं मनस्वी ने प्रभावी वक्तव्य देकर उपस्थितों की सराहना प्राप्त की. कक्षा नौंवी के विद्यार्थियों ने ‘काळया मातीत मातीत’ गीत प्रस्तुत किया, जबकि पांचवीं एवं छठवीं के विद्यार्थियों ने संगीत शिक्षिका पल्लवी मैडम के मार्गदर्शन में ‘तू बुद्धी दे’ प्रार्थना गीत प्रस्तुत किया. इसके अलावा आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक विभाग प्रमुख एवं नृत्य शिक्षक भारत मोंढे के मार्गदर्शन में ‘ही जन्मभूमी अमुची’ गीत पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया.
मराठी भाषा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में तृतीय, चतुर्थ और पंचम कक्षा के विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया. अंग्रेजी विभाग प्रमुख अब्दुल सलीम ने विद्यार्थियों को मराठी भाषा के महत्व पर मार्गदर्शन देते हुए प्रेरित किया. वहीं मराठी विभाग प्रमुख दिलीप खोब्रागडे ने अपनी स्वलिखित कविता प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को मराठी भाषा दिवस का महत्व समझाया. कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी येलो हाउस के पास थी. येलो हाउस इंचार्ज डॉ. संगीता गावंडे तथा सहयोगी शिक्षकों ने कार्यक्रम की सफलता के लिए विशेष परिश्रम किए.
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष डॉ. पुरणलाल हबलानी, संचालक सिवरामकृष्णा, रवी इंगले, पल्लवी चाकिलाला तथा डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. जेकब दास ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्साह की सराहना की. मराठी भाषा दिवस का यह कार्यक्रम प्रेरणादायी, उत्साहपूर्ण और स्मरणीय वातावरण में संपन्न हुआ.





