सागर कपास उद्योग में भीषण आग, करोड़ों का ‘सफेद सोना’ जलकर खाक
अंजनगाव सुर्जी क्षेत्र के कपास व्यापारियों को भारी नुकसान, 7-8 करोड़ की क्षति

* दमकल विभाग की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया गया काबू
अंजनगाव सुर्जी/दि.10 – समीपस्थ दर्यापुर मार्ग पर स्थित सागर कपास उद्योग में रविवार आधी रात अचानक भीषण आग लगने से लगभग 10 हजार क्विंटल कपास और बड़ी मात्रा में तैयार गांठें जलकर राख हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा कारखाना आग की लपटों में घिर गया. इस घटना में करीब 7 से 8 करोड़ रुपये के नुकसान का प्रारंभिक अनुमान लगाया गया है. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन किसानों और व्यापारियों के लिए यह बड़ा आर्थिक झटका माना जा रहा है. क्षेत्र में कपास को ‘सफेद सोना’ कहा जाता है और उसे जलते देख व्यापारियों में गहरा दुख और चिंता का माहौल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कारखाने में देर रात अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. गोदाम में बड़ी मात्रा में रखा सूखा कपास आग की चपेट में आने से लपटें तेजी से फैल गईं और पूरे परिसर में आग फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही अंजनगाव सुर्जी नगर पालिका की दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं. आग की गंभीरता को देखते हुए परतवाड़ा, मेलघाट और दर्यापुर से भी दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया. दमकल कर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने कई घंटों तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया.
प्रशासन के अनुसार प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है. इस दुर्घटना से क्षेत्र के कपास व्यापार और प्रसंस्करण उद्योग को बड़ा झटका लगा है.
* मदद के लिए दौड़े दमकल वाहन
आग लगने की सूचना मिलते ही अंजनगाव सुर्जी सहित आसपास के तालुकों से 5 से 6 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. स्थानीय नागरिकों ने भी आग बुझाने में सक्रिय सहयोग किया. कई घंटों तक लगातार पानी की बौछार करने के बाद आग की तीव्रता कम हुई, लेकिन तब तक करोड़ों रुपये का नुकसान हो चुका था.





