मेलघाट के आकी गांव में भीषण आग, वृध्द महिला की झुलसने से मौत

दो मकान जलकर राख, ग्रामवासियों की सतर्कता से बडा अनर्थ टला

चिखलदरा/दि.2 – मेलघाट के चिखलदरा तहसील के आकी गांव में बुधवार 1 अप्रैल की शाम 7 बजे के दौरान भीषण आग लग गई. इस आग में दो मकान जलकर राख हो गये. दुर्भाग्यवश इस घटना में घर के बाहर न निकल पाने से 90 वर्षीय वृध्द महिला की घर में ही झुलसने की मृत्यु हो गई. इस घटना से मेलघाट में खलबली मच गई है. मृतक महिला का नाम मानकाबाई गणसा बेलसरे है.
जानकारी के मुताबिक बुधवार 1 अप्रैल की शाम आकी गांव में अचानक अजय बाबू धांडेकर व तुलसीराम गणसा बेलसरे के घर को आग लग गई. कुछ समय में ही आग ने भीषण रूप धारण कर लिया. सभी तरफ अफरा-तफरी मच गई. अपनी जान बचाने के लिए दोनों परिवार के सदस्य भागने लगे. ऐसे में तुलसीराम बेलसरे की मां मानकाबाई घर में ही फंस गई थी. आयु के हिसाब से वह घर के बाहर नहीं निकल पायी और आग में ही झुलसने से उनकी मृत्यु हो गई. इस बचाव कार्य में सरपंच राजेश जावरकर समेत मंगल जावरकर, सुनील भलावी, दिलीप दहीकर, सहदेव मेश्राम, हीरालाल बेलसरे, मंगेश काले, सचिन बार्वे, लक्ष्मण जावरकर, सोनिकलाल जावरकर, संजय कोतवाल समेत ग्रामवासियों ने काफी सहयोग किया.

ग्रामवासियों के अथक प्रयासों से आग काबू में
आदिवासियों के मकान एक ही कतार में रहते हैं. इस कारण आग लगते ही पूरे ग्रामवासी सहायता के लिए दौड पडे. जिनके हाथों में जो बर्तन मिले उसमें पानी भरकर लाने लगे और आग को काबू में करने का प्रयास शुरू हुआ. सरपंच राजेश जावरकर ने देरी न करते हुए पानी का टैंकर भरकर लाा लिया. ग्रामवासियों के सामूहिक प्रयासों से आग को काबू में किया गया और इसी कारण अन्य मकान आग की चपेट में आने से बच गये. इस कारण बडा अनर्थ टल गया.

अग्निशमन दल भी पहुंचा
घटना की जानकारी मिलते ही मेलघाट के विधायक केवलराम काले ने तत्काल अचलपुर के अग्निशमन दल को घटनास्थल पर पहुंचने की सूचना दी. प्रशासकीय यंत्रणा भी काम से लग गई.

बेलसरे और धांउेकर परिवार हुए बेघर
भीषण आग की इस घटना में धांडेकर और बेलसरे परिवार का अनाज कपडे बर्तन और महत्वपूर्ण सामान जलकर राख हो गये. इस आग में दोनों परिवार का भारी नुकसान हो गया और वे बेघर हो गये. उन्हें शासकीय सहायता मिलने की मांग ग्रामवासियों ने की है.

Back to top button