महापौर तेजवानी व उपमहापौर भेंडे का व्यापारी संगठनों ने किया सत्कार

घुमंतूओं व अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने की उठाई मांग

* व्यापारी हितों से संबंधित विभिन्न विषयों पर भी हुई चर्चा
अमरावती /दि.26 अमरावती चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) तथा अमरावती रिटेल किराना एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान स्थानीय व्यापारियों द्वारा शहर के नवनिर्वाचित महापौर श्रीचंद तेजवानी एवं उपमहापौर सचिन भेंडे का सम्मान समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व चेंबर अध्यक्ष एवं कैट विदर्भ प्रांत अध्यक्ष विनोद कलंत्री ने किया. इस अवसर पर व्यापारिक संगठनों की ओर से महापौर और उपमहापौर का स्वागत कर उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं.
नवनिर्वाचित महापौर श्रीचंद तेजवानी व उपमहापौर सचिन भेंडे के स्वागत-सत्कार के बाद चेंबर अध्यक्ष विनोद कलंत्री ने शहर के व्यापारियों की प्रमुख समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि मालवीय चौक से राजापेठ चौक तक पुलिया के नीचे डेरा जमाकर बैठे घुमंतुओं के कारण व्यापारी और नागरिक परेशान हैं. ट्रैफिक सिग्नल पर खड़े वाहन चालक भी असुरक्षित महसूस करने लगे हैं. उन्होंने कहा कि दुकानों के सामने लगने वाली हाथगाड़ियां और खोमचे व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे हैं. वहीं कुछ हॉकर्स द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से बिक्री किए जाने से ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा है, जिसका असर विशेष रूप से महिला ग्राहकों की आवाजाही पर पड़ रहा है. कॉटन मार्केट चौक और चौधरी चौक पर बढ़ते ट्रैफिक जाम को देखते हुए वहां स्थायी रूप से पुलिस अधिकारी तैनात करने की मांग भी व्यापारियों ने उठाई.

* शहर की गरिमा बनाए रखने की अपील
तखतमल इस्टेट व्यापारी संगठन के अध्यक्ष पप्पूभाई गगलानी ने हाल ही में व्यापारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ हुई बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि महानगरपालिका को शहर की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए. चर्चा के दौरान कैट विदर्भ कोषाध्यक्ष सारंग राउत ने पुलिया के नीचे रेलिंग लगाने का सुझाव दिया. वहीं एड. जगदीश शर्मा, शाम शर्मा, आत्माराम पुरसवानी और अनूप हरवानी सहित अन्य व्यापारियों ने भी अपने विचार रखे.

* एमआईडीसी उद्यमियों की समस्याएं भी उठीं
चेंबर सचिव सुरेंद्र देशमुख ने एमआईडीसी क्षेत्र के उद्योगपतियों की समस्याएं रखते हुए कहा कि एमआईडीसी क्षेत्र में पानी, सड़क और अन्य सुविधाएं एमआईडीसी प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाती हैं, बावजूद इसके महानगरपालिका द्वारा मालमत्ता कर वसूला जा रहा है, जो उद्योगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ है. उन्होंने बताया कि कर दरों में बढ़ोतरी के विरोध में उद्योगपतियों को न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा. कोर्ट से आंशिक राहत मिलने के बावजूद नोटिस जारी किए जाने से उद्यमियों में नाराजगी है.

* महापौर तेजवानी ने कही समस्याओं का समाधान करने की बात
महापौर श्रीचंद तेजवानी ने व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना उनका नैतिक दायित्व है. उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों का अध्ययन कर प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा. बैठक के दौरान ही महापौर ने अतिक्रमण विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर लाउडस्पीकर लगाकर बिक्री करने वाले हॉकर्स के स्पीकर जब्त करने के निर्देश दिए.

* उपमहापौर ने संयुक्त बैठक बुलाने का दिया आश्वासन
उपमहापौर सचिन भेंडे के मनपा कार्यालय में आयोजित बैठक में भी व्यापारियों ने अपनी समस्याएं रखीं. इस दौरान उन्होंने मनपा आयुक्त, पुलिस आयुक्त और व्यापारी प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक जल्द आयोजित करने का आश्वासन दिया.

* बड़ी संख्या में व्यापारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में चेंबर अध्यक्ष विनोद कलंत्री, सचिव सुरेंद्र देशमुख, कैट राष्ट्रीय कार्यकारिणी समन्वयक शाम शर्मा, सारंग राउत, गोपाल पांडे, अनूप हरवानी, आत्माराम पुरसवानी, सचिन जोशी, अनिल देवलसी, महेश खासबागे सहित अनेक व्यापारी उपस्थित थे.

* सारंग राउत का महापौर-उपमहापौर ने किया अभिनंदन
शहर की प्रतिष्ठित संस्था रिफॉर्म क्लब के हालिया चुनाव में कैट विदर्भ प्रांत के कोषाध्यक्ष एवं अमरावती रेस्टोरेंट एंड लॉजिंग एसोसिएशन के मानद सचिव सारंग राउत को सर्वाधिक 425 मत प्राप्त हुए. इस उपलब्धि पर महापौर श्रीचंद तेजवानी और उपमहापौर सचिन भेंडे ने उनका अभिनंदन किया. इस अवसर पर भाजयुमो शहर जिलाध्यक्ष विकी शर्मा की विशेष उपस्थिति रही.

Back to top button