छेडछाड से त्रस्त नाबालिग छात्रा ने किया आत्महत्या का प्रयास
स्कूल व ट्यूशन आते-जाते समय हो रही थी छात्रा से छेडछाड

वाशिम/दि.18 – समीपस्थ मंगरूलपीर शहर में छेड़छाड़ से त्रस्त 16 वर्षीय छात्रा द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है. लगातार पीछा करने और मानसिक उत्पीड़न से परेशान छात्रा ने घर में फांसी लगाने की कोशिश की. परिजनों की सतर्कता से उसकी जान बच गई. फिलहाल अस्पताल में उसका उपचार जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता नियमित रूप से स्कूल और ट्यूशन जाती थी. इसी दौरान आरोपी युवक हर्षित प्रमोद बाबरे (18, बाबरे कॉलोनी, मंगरूलपीर) कथित रूप से उसका पीछा कर परेशान करता था. इस बारे में जानकारी मिलने पर मां ने बेटी को समझाया और सख्ती भी दिखाई. लगातार उत्पीड़न और मानसिक दबाव के चलते छात्रा ने यह कदम उठाया. मंगरूलपीर पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करने और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
* अकोला में भी छात्रा से छेड़छाड़; आरोपी गिरफ्तार
इसी तरह का एक मामला अकोला शहर में सामने आया था. सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक दोपहिया सवार युवक द्वारा छात्रा से छेड़छाड़ का सीसीटीवी वीडियो वायरल हुआ था. पुलिस ने लगभग 300 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी विवेक उर्फ विकी दिलीपराव खांडेकर को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी चंद्रकांत रेड्डी के मार्गदर्शन में, सिविल लाइन थाने के निरीक्षक शंकर शेलके के नेतृत्व में की गई.
दोनों घटनाओं के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल है. नागरिकों ने छात्राओं की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने और स्कूल-ट्यूशन मार्गों पर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.





