तिवसा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास हेतु बजट सत्र में जोरदार पैरवी करेंगे विधायक राजेश वानखडे
विधान मंडल के बजट अधिवेशन हेतु जमकर की तैयारियां

मुंबई /दि.23 – महाराष्ट्र राज्य के वर्ष 2026-27 का बजट सत्र आज से मुंबई स्थित विधानभवन में प्रारंभ हो गया है. इस महत्वपूर्ण सत्र में तिवसा विधानसभा क्षेत्र के लंबित और अत्यावश्यक विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से उठाने की तैयारी विधायक राजेश वानखडे ने की है. विधायक वानखडे ने स्पष्ट किया कि वे तारांकित प्रश्न, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव एवं विभिन्न संसदीय उपायों के माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं को सदन में प्रमुखता से उठाएंगे. उन्होंने कहा कि तिवसा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और प्रत्येक नागरिक के विकास की जिम्मेदारी वे स्वयं स्वीकार करते हैं.
विधायक राजेश वानखडे ने बताया कि, बजट सत्र के दौरान तिवसा में नए शासकीय पॉलिटेक्निक तथा नर्सिंग कॉलेज की स्थापना का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी एवं स्वास्थ्य शिक्षा की सुविधा क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सके. मतदार संघ के माहुली ज., वलगांव, नेरपिंगलाई, कुर्हा और खोलापुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को ग्रामीण अस्पताल में क्रमोन्नत करने की मांग रखी जाएगी, ताकि ग्रामीणों को बेहतर उपचार सुविधा मिल सके. इसके अलावा तिवसा एमआईडीसी के विस्तार तथा नांदगांव पेठ स्थित पंचतारांकित एमआईडीसी क्षेत्र में उद्योगों को प्रोत्साहन देकर रोजगार सृजन का मुद्दा भी सत्र में उठाया जाएगा. साथ ही मोझरी, वलगांव और कौंडण्यपुर विकास आराखड़ों के अंतर्गत अधूरी पड़ी इमारतों के हस्तांतरण एवं नए निर्माण प्रस्तावों को स्वीकृति दिलाने के लिए निधि उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी.
इन सबके साथ ही प्रशासनिक सुविधाओं का विस्तार करने पर जोर देते हुए विधायक वानखडे का कहना रहा कि, नेरपिंगलाई में अपर तहसील कार्यालय की स्थापना कर मोर्शी तहसील पर निर्भरता कम करने का प्रस्ताव रखा जाएगा. इसके अतिरिक्त अमरावती तहसील के विभाजन कर अतिरिक्त अमरावती ग्रामीण तहसील कार्यालय स्थापित करने की प्रक्रिया को गति देने की मांग भी की जाएगी. साथ ही 105 गांवों की बढ़ी हुई क्षेत्रीय जलापूर्ति योजना के शेष कार्यों के लिए निधि उपलब्ध कराने और कार्यों में तेजी लाने हेतु शासन स्तर पर जोरदार पैरवी की जाएगी.
तिवसा निर्वाचन क्षेत्र में सड़क एवं कृषि मार्ग विकास के लिए क्षेत्र के प्रमुख जिला मार्गों के उन्नयन हेतु बजट में अधिकाधिक प्रावधान कराने का लक्ष्य रखा गया है. इसके अलावा स्वीकृत 300 किलोमीटर खेत पांदन (कृषि) सड़कों के निर्माण तथा अतिरिक्त मार्गों की मंजूरी दिलाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे, जिससे किसानों को खेती कार्य में सुविधा हो सके, ऐसी जानकारी देने के साथ ही विधायक वानखडे ने बताया कि, तीर्थक्षेत्र विकास प्राथमिकता के तहत सिद्धिविनायक गणपति वायगांव, गायत्री माता संस्थान सार्सी, महारुद्र हनुमान संस्थान जहागीरपुर और आसरा माता देवस्थान सावंगा आसरा को बी वर्ग तीर्थक्षेत्र के अंतर्गत निधि उपलब्ध कराकर विकास कार्य कराने का मुद्दा भी सदन में रखा जाएगा.
विधायक राजेश वानखडे ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के नेतृत्व में तिवसा मतदार संघ के विकास कार्यों को शीघ्र गति मिलेगी और क्षेत्र को अधिकाधिक निधि प्राप्त होगी. उन्होंने दोहराया कि बजट सत्र के दौरान तिवसा के सर्वांगीण विकास के लिए उनका सतत और प्रभावी प्रयास जारी रहेगा.





