जल किल्लत को लेकर विधायक रवि राणा ने अधिकारियों को लगाई फटकार
बडनेरा क्षेत्र में समीक्षा बैठक, गंदा पानी मिलने पर अधिकारियों को वही पानी पिलाने की चेतावनी

अमरावती/दि.9 – गर्मी की शुरुआत के साथ ही बडनेरा विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती पानी टंचाई को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में विधायक रवि राणा ने महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण (मजिप्रा) और महानगरपालिका के अधिकारियों को कड़े शब्दों में फटकार लगाई. उन्होंने अधूरे पड़े जलप्रकल्पों और पेयजल आपूर्ति की समस्याओं पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए.
बैठक में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पिण्याच्या पाण्याची टंचाई, अधूरी पानी की टंकियों का निर्माण, जल जीवन मिशन के तहत बंद पड़े काम, पाइपलाइन परियोजनाओं में देरी तथा खेत तालाब जैसी योजनाओं की समीक्षा की गई. तहसील अध्यक्ष, सरपंच और उपसरपंचों ने अपने-अपने गांवों की समस्याओं की जानकारी दी, जिस पर विधायक राणा ने अधिकारियों से जवाब तलब किया. इस दौरान अमरावती मनपा के उपमहापौर सचिन भेंडे, गटनेता नाना आमले, युवा स्वाभिमान पार्टी के नगरसेवक तथा ग्रामीण क्षेत्रों के सरपंच-उपसरपंच बड़ी संख्या में मौजूद थे. बैठक में शहर और गांवों को गर्मी में जलकिल्लत से मुक्त करने का संकल्प भी लिया गया. विधायक रवि राणा ने कहा कि जिन गांवों में पानी की गंभीर समस्या है, वहां वे स्वयं अधिकारियों के साथ दौरा करेंगे और समाधान निकालेंगे. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कहीं नलों से गंदा पानी सप्लाई हुआ तो संबंधित अधिकारियों को वही पानी पिलाया जाएगा.
उन्होंने बताया कि पूर्व सांसद नवनीत राणा के कार्यकाल में करीब 995 करोड़ रुपये की पानी आपूर्ति से जुड़ी परियोजनाएं मंजूर कराई गई थीं और कई काम शुरू हैं. हालांकि इन कार्यों के लिए मजिप्रा के पास पर्याप्त मशीनरी और मनुष्यबल की कमी है. इस पर उपमहापौर सचिन भेंडे, गटनेता नाना आमले और 17 नगरसेवकों ने मजिप्रा की यंत्रणा अमरावती मनपा को सौंपने की मांग विधायक राणा के सामने रखी. विधायक राणा ने अधिकारियों को इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके. बैठक के दौरान मजिप्रा द्वारा प्रस्तावित सत्कार कार्यक्रम को उपमहापौर सचिन भेंडे ने यह कहते हुए ठुकरा दिया कि जब तक नागरिकों की पानी की समस्या पूरी तरह हल नहीं होती, तब तक वे कोई सम्मान स्वीकार नहीं करेंगे. इस निर्णय पर विधायक रवि राणा ने उनकी सराहना की. बैठक में कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे. प्रशासन को निर्देश दिया गया कि गर्मी को देखते हुए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पानी आपूर्ति व्यवस्था जल्द से जल्द दुरुस्त की जाए.





