सांसद बोंडे व भाजपा विधायकों ने पार्टी के 46 वें स्थापना दिवस पर जताई खुशी

अमरावती/दि.6 – भारतीय जनता पार्टी के 46 वें स्थापना दिवस पर भाजपा नेता व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे सहित जिले के सभी भाजपा विधायकों ने खुशी जताई तथा बडे हर्षोल्लास के साथ पार्टी का स्थापना दिवस मनपा. साथ ही इस संदर्भ में दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के साथ बातचीत करते हुए अपनी प्रतिक्रिया भी दी. जिसमें सभी नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी को विचारों व सिद्धांतों सहित कार्यकर्ता की पार्टी बताया और शून्य से शिखर तक पहुंची पार्टी के अतित को गौरवशाली भी प्रतिपादित किया.

* कार्यकर्ताओं के पसीने से खडी हुई विचार आधारित पार्टी
राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने भाजपा के स्थापना दिवस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, उन्होंने एक सामान्य कार्यकर्ता के तौर पर राजनीतिक क्षेत्र में अपनी यात्रा शुरु की थी और आज वे राज्यसभा सदस्य के तौर पर देश सेवा की जिम्मेदारी को निभा रहे है. जिससे यह साहित होता है कि, भाजपा में कार्यकर्ताओं को यथायोग्य जिम्मेदारी मिलती है और उनकी मेहनत का सम्मान होता है. कार्यकर्ताओं को मिलनेवाले इसी सम्मान की बदौलत आज भारतीय जनता पार्टी देश की सबसे बडी राजनीतिक पार्टी है. जो पूरी तरह से अपने विचारों व सिद्धांतों पर चलती है. इसके साथ ही सांसद डॉ. बोंडे यह भी बताया कि, उन्होंने भाजपा कार्यालय सहित अपने आवास पर भी अपने समर्थकों के साथ पार्टी का स्थापना दिवस जल्लोशपूर्ण ढंग से मनाया.

* कई बडे नेताओं के पुण्य कर्मो से आए अच्छे दिन
अचलपुर निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा विधायक प्रवीण तायडे ने पार्टी के स्थापना दिवस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, सन 1980 में पार्टी की स्थापना के उपरांत अटलबिहारी वाजपेयी, पं. दीनदयाल उपाध्याय, श्यामाप्रसाद मुखर्जी, लालकृष्ण अडवानी, मुरलीमनोहर जोशी, प्रमोद महाजन, गोपीनाथ मुंडे, नितिन गडकरी व राम नाईक जैसे अनेकानेक नेताओं ने अपना पूरा जीवन पार्टी एवं जनता जनार्दन की सेवा के लिए खपा दिया. जिसकी बदौलत आज 46 वर्ष बाद पार्टी शून्य से धीरे-धीरे आगे बढते हुए सत्ता के शिखर तक पहुंच पाई है. लेकिन इसके बावजूद पार्टी का अपनी जमीन और जडों से पूरी तरह जुडाव है. जिसके तहत पार्टीजनों द्वारा आज भी समाज के अंतिम घटक तक योजनाओं के लाभ और विकास को पहुंचाने का काम किया जा रहा है. जहां एक ओर अन्य पार्टियों में किसी व्यक्ति या परिवार को केंद्रबिंदू माना जाता है, वहीं भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो किसी व्यक्ति या परिवार के लिए नहीं बल्कि जनता जनार्दन के लिए काम करती है.

* अपनी जमीन और जडों से जुडी हुई पार्टी है भाजपा
तिवसा निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा विधायक राजेश वानखडे ने भाजपा के स्थापना दिवस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, भाजपा एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जिसमें सत्ता हासिल करने हेतु कभी भी अपने विचारों व सिद्धांतों के साथ कोई समझौता नहीं किया. साथ ही सत्ता के शिखर पर पहुंचने के बावजूद भाजपा अपनी जमीन व जडों को भी नहीं भुली. यही वजह है कि, आज केंद्र सहित कई राज्यों की सत्ता में रहनेवाली भाजपा द्वारा अपने स्थापना दिवस पर जल्लोष बनाने की बजाए अपने पुराने कार्यकर्ताओं का समारोहपूर्वक सम्मान किया जा रहा है. साथ ही साथ नए कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे है, ताकि नए कार्यकर्ताओं को पार्टी के विचारों एवं सिद्धातों से परिचित कराया जा सके, ऐसा किसी भी अन्य राजनीतिक दल में नहीं होता. जिसका सीधा मतलब यह है कि, एक गौरवशाली अतित रखनेवाले विश्व के सबसे बडे राजनीतिक दल द्वारा भविष्य के लिए नेतृत्व तैयार करने के लिहाज से अपने कार्यकर्ताओं को अभी से ही तैयार किया जा रहा है.

* शून्य से शिखर पर पहुंचने का सफर रहा रोचक
मेलघाट निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा विधायक केवलराम काले ने भाजपा के स्थापना दिवस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, विगत 46 वर्षों के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने शून्य से शुरु होकर शिखर तक पहुंचने का सफर तय किया है और इस दौरान पार्टी द्वारा हासील की गई उपलब्धियां अपने-आप में बेहद उल्लेखनीय है, जिनका पूरा श्रेय पार्टी के सभी नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जाता है. खास बात यह है कि, देश में भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जिसका संचालन व नेतृत्व किसी एक व्यक्ति या परिवार के पास सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह से कार्यकर्ताओं की पार्टी है. जिसमें समाज के सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाता है.

Back to top button