मुंबई-अमरावती विमान यात्रा हुई महंगी

2100 का टिकट हुआ 3989 रुपए का

* ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी का असर
अमरावती/दि.24 – मध्य पूर्व में जारी युद्ध के चलते बढ़ी ईंधन कीमतों का असर अब हवाई यात्रा पर भी साफ दिखाई देने लगा है. मुंबई-अमरावती-मुंबई विमान सेवा के किराए में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है. जानकारी के अनुसार, इस रूट पर उड़ान संचालित करने वाली एलायंस एयर ने टिकट दरों में लगभग दोगुनी वृद्धि कर दी है. पहले जहां अमरावती से मुंबई का न्यूनतम किराया करीब 2,100 रुपये था, वहीं अब यात्रियों को लगभग 3,989 रुपये तक भुगतान करना पड़ रहा है.
विशेषज्ञों के मुताबिक, विमानन कंपनियों के कुल खर्च में ईंधन की हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत होती है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन महंगा होने का सीधा असर किराए पर पड़ रहा है. यह विमान सेवा 16 अप्रैल 2025 से शुरू हुई थी और शुरुआती दौर में सप्ताह में तीन दिन संचालित होती थी. बाद में इसे चार दिन किया गया और अब 29 मार्च से यह सेवा सप्ताह में पांच दिन उपलब्ध रहेगी.
* यात्रियों में नाराजगी
बता दें कि, अमरावती विदर्भ का एक प्रमुख शैक्षणिक और औद्योगिक केंद्र है, जहां से बड़ी संख्या में लोग कामकाज, शिक्षा और व्यापार के लिए मुंबई आते-जाते हैं. अचानक बढ़े किराए से यात्रियों में नाराजगी है और उन्होंने सरकार से हस्तक्षेप कर किराया नियंत्रित करने की मांग की है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए विमान सेवा को आम जनता के लिए सुलभ और किफायती बनाए रखने की अपील की है.

Back to top button