फिजूल खर्च को लेकर मनपा प्रशासन अलर्ट
बिना काम वाले कर्मचारियों पर चलेगी ‘कैची’

* आयुक्त सौम्या शर्मा ने मंगवाई सूची
अमरावती /दि.13 – महानगरपालिका में सत्ता स्थापन होने के बाद मनपा के पदाधिकारियों ने फिजूल खर्च पर लगाम कसने की शुरुआत करते ही अब मनपा प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट हो चुका है. ऐसे में मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा द्वारा जारी किये आदेशानुसार मनपा में कार्यरत तमाम ठेका पद्धति पर काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या में लगातार हो रही बढोत्तरी के कारण उनके वेतन रुप में प्रशासन पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढता जा रहा है. ऐसे में आयुक्त सौम्या शर्मा ने इस संबंध में सभी विभागों में कार्यरत ठेका कर्मचारियों की आवश्यकता तथा उनके कार्य निष्पादन यानि फरफार्मेन्स की जानकारी तुरंत मांगी है.
विशेष सूत्रों द्वारा मिली जानकारी में मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा ने जारी किये आदेश में साफ शब्दों में कहा है कि, सामान्य प्रशासन विभाग और उनकी टेबल पर संपूर्ण रिपोर्ट प्रस्तुत की जाये. बताया जाता है कि, मनपा के विभिन्न विभागों में कुलमिलाकर 675 ठेका कर्मी काम कर रहे हैं. परंतु कुछ विभागों में आवश्यकता न रहने के बावजूद बाहरी एजेंसी के माध्यम से कर्मचारी की नियुक्ति की गई है. ऐसे में वास्तविक कार्य के लिए आवश्यक कर्मचारियों की संख्या बनाए रखे और अनावश्यक कर्मचारियों की कटौती की जाये. जिसमें मनपा आयुक्त ने इस संदर्भ में विस्तृत रिपोर्ट मंगाई. अब बिना काम वाले कर्मचारियों पर चलेगी कैची. जिन विभागों में कर्मचारियों की आवश्यकता नहीं है. उन्हें सीधे सेवा से समाप्त किया जाएगा. मनपा आयुक्त द्वारा जारी किये गये आदेश से मनपा के कर्मचारियों में हलचल मच गई है.





