मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा का अगले माह तबादला संभव
आगामी 25 या 26 मार्च को आयुक्त शर्मा जाएंगी छुट्टी पर

* 15 से 20 दिन बाद दुबारा ड्यूटी करेंगी जॉईन
* छुट्टी से लौटने के बाद ‘जनरल ट्रांसफर’ होने की संभावना
* आयुक्त शर्मा का ट्रांसफर होने पर नए आयुक्त की होगी नियुक्ति
* ट्रांसफर नहीं होने पर प्रभारी आयुक्त को सौंपा जाएगा पदभार
अमरावती/दि.20 – अमरावती महानगर पालिका की मौजूदा आयुक्त सौम्या शर्मा-चांडक का अगले माह अमरावती से कहीं अन्य तबादला होने की संभावना जताई जा रही है. जिसके संदर्भ में विगत कई दिनों से चर्चाओं एवं कयासों का बाजार गर्म है, जिसका अब तक यह निष्कर्ष जा रहा था कि, मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा जारी मार्च माह के अंत में मातृत्व अवकाश के तहत लंबी छुट्टी पर जानेवाली है. जिसके चलते अमरावती में उनके स्थान पर किसी अन्य अधिकारी की आयुक्त के तौर पर नियुक्ति करते हुए आयुक्त सौम्या शर्मा का स्थलांतरण किया जाएगा और मातृत्व अवकाश के समाप्त होने पश्चात उन्हें किसी अन्य पद पर पदस्थापना दी जाएगी. वहीं अब प्रशासनिक सूत्रों के जरिए एक नई जानकारी सामने आई है. जिसके मुताबिक मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा का तुरंत तबादला नहीं होने जा रहा, बल्कि अगले माह उनका तबादला होने की संभावना है. परंतु तबादला होगा अथवा नहीं, यह भी अभी पूरी तरह से तय नहीं है.
सामने आई नई जानकारी के मुताबिक मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा आगामी 25 या 26 मार्च से कुछ दिनों के लिए अवकाश पर जाने वाली हैं तथा वे करीब 15 से 20 दिनों के लिए छुट्टी पर रहेंगी. इस दौरान महानगरपालिका का कामकाज प्रभारी व्यवस्था के तहत संचालित किया जाएगा. सूत्रों का कहना है कि 15 से 20 दिनों के अवकाश से लौटने के बाद राज्य सरकार द्वारा होने वाले जनरल ट्रांसफर में मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा का तबादला किया जा सकता है. इसी को लेकर प्रशासनिक स्तर पर चर्चाएं तेज हैं. जिसके तहत माना जा रहा है कि, यदि मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा का तबादला होता है, तो उनके स्थान पर नए आयुक्त की नियुक्ति की जाएगी. वहीं, यदि किसी कारणवश मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा का तबादला नहीं होता, तो उनके मातृत्व अवकाश अवधि में प्रभारी आयुक्त को अमरावती महानगर पालिका के कामकाज का पदभार सौंपा जाएगा और प्रभारी आयुक्त द्वारा अमरावती मनपा में प्रशासनिक कार्य संभाला जाएगा.
कुल मिलाकर मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा संभावित तबादले को लेकर मनपा और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है. शहर के विकास कार्यों और चल रही योजनाओं पर भी इसके प्रभाव को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं. जिसके तहत माना जा रहा है कि, मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा का अवकाश और संभावित तबादला आने वाले दिनों में अमरावती महानगरपालिका की प्रशासनिक दिशा तय करेगा. जिसके चलते अब सभी की नजरें राज्य सरकार के आगामी तबादला निर्णय पर टिकी हैं.





