अंबादेवी संस्थान विकास प्रारुप देखने गई मनपा आयुक्त

प्रत्यक्ष परिसर अवलोकन, 355 करोड का बना है प्लान

* एमएसएसआईडीसी के पागृत और इंजिनीयर भिवगडे ने भी किया मुआयना
अमरावती /दि.6- अंबादेवी संस्थान परिसर के सर्वांगीण विकास का प्रस्थावित 355 करोड के भव्य प्लान के मद्देनजर मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक ने गुरुवार को दोनों मंदिरों अंबा और एकवीरा देवी क्षेत्र का स्वयं अवलोकन किया. दोनों संस्थान पदाधिकारियों ने आयुक्त मैडम को जानकारी दी. उसी प्रकार एमएसएसआईडीसी द्वारा प्रस्तावित बदलाव और निर्माण के विषय में आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक को बतलाया. एक दिन पहले ही एमएसएसआईडीसी के आर्किटेक्ट पागृत और अभियंता भिवगडे ने भी दोनों मंदिर परिसर का प्रत्यक्ष अवलोकन किया था. इस विषय में अमरावती मंडल बुधवार के अंक में विस्तृत समाचार प्रकाशित कर चुका है. जिसमें जिलाधिकारी कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक का भी समावेश रहा.
* अभी की सुविधाएं देखी
आयुक्त सौम्या शर्मा चांडक ने दोनों संस्थान में फिलहाल उपलब्ध सुविधाएं, भक्तों की बढती भीड, यातायात व्यवस्था और प्रस्ताविक विकास कार्यों के निष्पादन विषय में विस्तृत समीक्षा की. विकास प्रारुप में संपूर्ण परिसर सुशोभिकरण, भक्तों की अधिकाधिक सुख-सुविधा, दर्शन व्यवस्था का सुयोग्य नियोजन, भव्य स्वागत द्वार एवं बेहतर यातायात नियोजन का समावेश है.
* अधिकारियों को दिये निर्देेश
आयुक्त सौम्या शर्मा के साथ महापालिका और संबंधित विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे. उन्हें आयुक्त महोदया ने नियोजनबद्ध पद्धति से कार्य करने के विषय में निर्देश दिये. विकास प्रकल्प से अंबादेवी-एकवीरा मंदिर परिसर अधिक सुविधायुक्त एवं आकर्षक होगा. भक्तों को सहज दर्शन और बाकी सुविधाएं मिलेगी.
* कल ले सकते हैं पालकमंत्री बैठक
इस विषय पर पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले कल 7 मार्च को अपनी अमरावती यात्रा दौरान समीक्षा बैठक ले सकते हैं. इस प्रकार की जानकारी जिलाधीश आशीष येरेकर ने बुधवार की बैठक में दिये थे. उक्त बैठक में आर्किटेक्ट और अभियंता ने प्रस्तावित कामों के विषय में बतलाया था. अंबादेवी परिसर के भव्य कॉरिडोर में परिवर्तन के साथ आने वाले दर्शनार्थियों के वाहनों की मल्टीलेवल पार्किंग सुविधा सहित भक्त निवास की संख्या बढाने के विषय में भी चर्चा हुई थी. आसपास के भूमि अधिग्रहण संबंधी प्राथमिक चर्चा हो गई है. अब कल पालकमंत्री के निर्देश आने की संभावना है. पालकमंत्री ने विदर्भ कुलस्वामिनी अंबामाता परिसर की शोभा व गरिमा बढाने के लिए विकास प्रारुप बनाने के निर्देश पहले ही दिये थे.

Back to top button