पूरा हुआ मनपा का सदन, 8 स्वीकृत मनोनित

इस बार ‘स्वीकृत’ में विधि, पत्रकारिता, क्रीडा व सामाजिकता को प्रतिनिधित्व

* कांग्रेस के कोटे से पूर्व महापौर मिलिंद चिमोटे व संपादक अनिल अग्रवाल बने स्वीकृत पार्षद
* भाजपा के कोटे से एड. प्रशांत देशपांडे व डॉ. संजय तिरथकर का हुआ चयन
* दोनों शिवसेना व बसपा के गुट से पूर्व पार्षद दिनेश बूब एक बार फिर पहुंचे सदन में
* राकांपा ने भोजराज काले व एमआईएम ने सै. मुनज्जर अली को दिया स्वीकृत सदस्य के तौर पर मौका
अमरावती/दि.20 – अमरावती महानगर पालिका के नवनिर्वाचित व नवगठित सदन की आज शुक्रवार 20 फरवरी को पहली आमसभा बुलाई गई. जिसमें स्वीकृत नगरसेवकों के 8 पदों हेतु पक्षीय बलाबल के अनुसार सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने दावेदारों को नामित किया. जिनकी स्वीकृत नगरसेवक पद पर नियुक्ति को मान्यता देते हुए पीठासीन अधिकारी व महापौर श्रीचंद तेजवानी एवं मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा ने आठों स्वीकृत पार्षदों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत करते हुए उन्हें निर्वाचन प्रमाणपत्र प्रदान किया. मनपा में स्वीकृत नगरसेवक के तौर पर चयनित किए गए सदस्यों में दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के संपादक अनिल अग्रवाल का भी समावेश रहा. जिन्हें कांग्रेस द्वारा स्वीकृत सदस्य पद हेतु नामित किया गया था. कांग्रेस की ओर से संपादक अनिल अग्रवाल के साथ ही पूर्व महापौर मिलिंद चिमोटे को भी स्वीकृत पार्षद के तौर पर मनपा के सदन में भेजा गया है.
आज सुबह 11 बजे मनपा मुख्यालय स्थित भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सभागार में मनपा की पहली आमसभा का प्रारंभ हुआ. जिसमें सभा की प्रारंभिक औपचारिकताएं पूरी करने के उपरांत सबसे पहले स्वीकृत नगरसेवकों के चयन का विषय लिया गया. इस समय पक्षीय बलाबल की स्थिति और अपने कोटे को देखते हुए सभी गटों ने स्वीकृत पार्षद पदों के लिए अपने-अपने दावेदारों के नाम आगे किए. जिसके तहत 25 सदस्य रहनेवाली भाजपा ने अपने कोटे के तहत 2 पदों हेतु शहर के वरिष्ठ विधिज्ञ एड. प्रशांत देशपांडे व पूर्व विदर्भ केसरी डॉ. संजय तिरथकर को स्वीकृत सदस्य के तौर पर नामित किया. वहीं अपने 15 पार्षद व वंचित बहुजन आघाडी के 1 पार्षद को मिलाकर 16 पार्षदों का गुट रहनेवाली कांग्रेस ने अपने कोटे के तहत 2 स्वीकृत सदस्यों हेतु दैनिक ‘अमरावती मंडल’ के संपादक अनिल अग्रवाल व पूर्व महापौर मिलिंद चिमोटे के नामों को आगे बढाया. इसके साथ ही 15 सदस्य रहनेवाली युवा स्वाभिमान पार्टी ने अपने कोटे के तहत स्वीकृत पार्षद के 1 पद हेतु पार्टी के शहराध्यक्ष संजय हिंगासपुरे को नामित किया. जबकि शिंदे सेना के 3, शिवसेना उबाठा के 2 व बसपा के 3 ऐसे 8 पार्षदों के गट ने अपने कोटे के तहत 1 स्वीकृत सदस्य पद हेतु पूर्व पार्षद दिनेश बूब को नामित किया. वहीं 11 पार्षदों वाली राकांपा ने अपने कोटे के तहत 1 स्वीकृत पार्षद पद हेतु भोजराज काले तथा 12 सदस्यों वाली मजलिसे इत्तेहादुल मुस्लिमीन यानि एमआईएम ने अपने कोटे के तहत 1 स्वीकृत पार्षद पद हेतु सैय्यद मुनज्जर अली सैय्यद मुदस्सर अली को बतौर सदस्य नामित किया.
सभी गटों की ओर से नामित सदस्यों के नामों को लेकर सदन में कहीं से किसी की कोई आपत्ति नहीं आने के चलते आठों स्वीकृत सदस्यों के निर्वाचन को सर्वसम्मती से मान्यता दी गई. जिनका महापौर श्रीचंद तेजवानी, उपमहापौर सचिन भेंडे, मनपा आयुक्त सौम्या शर्मा एवं नगर सचिव वडूरकर द्वारा पुष्पगुच्छ व निर्वाचन प्रमाणपत्र प्रदान करते हुए भावपूर्ण सत्कार किया गया.                                  * पत्रकारिता व सामाजिकता के बाद अब अनिल अग्रवाल का राजनीति में प्रवेश
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि, विगत करीब 35 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहने के साथ ही हिंदी दैनिक ‘अमरावती मंडल’ व मराठी दैनिक ‘आपली मातृभूमि’ एवं न्यूज पोर्टल व यूट्यूब चैनल ‘मंडल न्यूज’ का सफलतापूर्वक संपादन कर रहे अनिल अग्रवाल पत्रकारिता जगत में एक जाना-पहचाना नाम है. जिन्होंने इंडियन प्रेस कौन्सिल, इंडियन न्यूज पेपर्स सोसायटी व भारतीय भाषाई अखबार संगठन (इलना) में बतौर सदस्य काम करने के साथ ही विभागीय अधिस्वीकृति समिति के अध्यक्ष के तौर पर भी प्रभावी रुप से काम किया है. साथ ही वे इस समय मुंबई मराठी पत्रकार परिषद से संलग्नित अमरावती जिला मराठी पत्रकार संघ के अध्यक्ष भी है. पत्रकारिता के साथ-साथ संपादक अनिल अग्रवाल का सामाजिकता के साथ भी गहरा जुडाव रहा है. जिसके चलते वे राजस्थानी हितकारक मंडल के लगातार दो बार अध्यक्ष निर्वाचित होने के साथ ही हाल ही में श्री अग्रसेन स्मारक समिति के भी अध्यक्ष निर्वाचित हुए है तथा उनकी सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय जॉयन्टस् ग्रुप में भी अच्छी-खासी सक्रियता रही. इसके अलावा वे अमरावती लैंड डेवलपर्स व बिल्डर्स एसोसिएशन एवं श्री जीणमाता व श्री शाकंभरी देवी मंदिर ट्रस्ट और श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर ट्रस्ट के सदस्य भी है. वहीं अब अमरावती मनपा में स्वीकृत पार्षद के तौर पर संपादक अनिल अग्रवाल का एक तरह से सक्रिय राजनीति में भी प्रवेश हो गया है. जिसके चलते संपादक अनिल अग्रवाल का समाज में विविध स्तरों पर सभी घटकों द्वारा अभिनंदन किया जा रहा है.

Back to top button