पवित्र रमजान माह के दूसरे जुम्मे पर मुस्लिम समाज बंधुओं ने अदा की नमाज
अमन-शांति की दुआ के लिए उठे हजारो हाथ

अमरावती /दि.28 – इस्लाम धर्म के पवित्र रमजान माह की शुरुआत 19 फरवरी से हुई. समाजबंधुओं ने शुक्रवार 27 फरवरी को दूसरे जुम्मे की नमाज अदा की. अमन-शांति की दुआओं के लिए हजारों हाथ उठे. रमजान माह में हर एक नेक अमल का 70 गुना सवाब मिलता है. जिसे ध्यान में रखते हुए समाजबंधु पूरे माह इबादत करतेे है. 30 दिन की इबादत के बाद मीठी ईद की खुशियां मनाई जाती है. रमजान माह शुरु होते ही समाजबंधुओं में उत्साह निर्माण होता है.
शहर के साबनपुरा स्थित जामा मस्जिद, चांदनी चौक की मिस्कीन शाह मस्जिद, बस स्टैंड रोड स्थित उस्मानिया मस्जिद, कैम्प मस्जिद तथा शहर की अन्य मस्जिदों में दूसरे जुम्मे की नमाज अदा की गई. इस दौरान अमन शांति के लिए सभी ने दुआ की. रमजान माह इबादत, सब्र और रहमत का पाक महिना है. इस माह में समाजबंधु अपनी क्षमतानुसार इबादत करते है. पूरे दिन बिना पानी के रोजा रखा जाता है. सुबह सहरी से रोजे की शुरुआत होती है. दिनभर रोजा रखकर शाम में इफ्तार करते है. इस माह में नमाज, ताराविह और कुरान की तिलावत करने का विशेष महत्व है. इबादत के इस माह को लेकर जबर्दस्त उत्साह दिखाई दे रहा है.
बोहरा समाज ने की दुआ : बोहरा समाज ने भी शुक्रवार 27 फरवरी को रमजान माह के दूसरे जुम्मे की नमाज अदा की. बोहरा समाज मिसरी कैलेंडर के हिसाब से चलता है. ऐसे में समाज के पवित्र रमजान माह की शुरुआत मंगलवार से हुई है. समाज बंधुओं को बर्तन बाजार स्थित दाउदी बोहरा मस्जिद में धर्मगुरु सैयदना साहब की रजा से आमिल साहब शेख मुर्तजा भाई मदारवाला ने नमाज अदा करवाई. मस्जिद को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है.





