मेरे पति कोई तज्ञ ज्योतिष्य नहीं, करीबी लोगों ने साजिश रचकर फंसाया
भोंदू बाबा अशोक खरात की पत्नी ने किया सनसनीखेज दावा

मुंबई /दि.21- इस समय लगातार मीडिया की सुर्खियों में बने हुए तथा स्वयंघोषित ‘कॅप्टन’ और ज्योतिषी के रूप में पहचान बनाने वाले अशोक खरात से जुड़े सनसनीखेज मामले में अब नया मोड़ आ गया है. कई गंभीर आरोपों के बीच पहली बार उनकी पत्नी ने सामने आकर पति का बचाव किया है. जिसके तहत खरात की पत्नी कल्पना ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके पति कोई पेशेवर या विशेषज्ञ ज्योतिषी नहीं हैं, बल्कि कुछ करीबी लोगों ने ही उनके खिलाफ साजिश रचते हुए उन्हें फंसाया है. कल्पना खरात ने यह भी आरोप लगाया कि अशोक खरात की छवि को खराब करने के लिए उनके ही नजदीकी लोगों ने ही उनकी पीठ में खंजर घोंपा है.
बता दें कि, इस मामले में पुलिस को अब तक 100 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो मिलने की चर्चा है. आरोप है कि खरात ने कई महिलाओं को डर और झांसा देकर उनका शोषण किया. पुलिस ने पीड़ित महिलाओं से आगे आने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी. इसी बीच जांच एजेंसियां खरात के संपर्क में रहे लोगों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी खंगाल रही हैं. शुक्रवार को विशेष जांच दल (एसआईटी) ने एक नगरसेविका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिससे मामले के राजनीतिक कनेक्शन भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है. जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है. बताया जा रहा है कि खरात तथाकथित ‘इलाज’ के नाम पर तकनीकी उपकरणों का इस्तेमाल कर अघोरी उपचार का दिखावा करता था. एक वीडियो में वह एक नाबालिग लड़की के साथ इस तरह की हरकत करता हुआ दिखाई देने की बात सामने आई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है.
वहीं इस बीच अशोक खरात की पत्नी कल्पना खरात अब अपने पति के बचाव हेतु सामने आई है. जिन्होंने पहली बार मीडिया के बातचीत करते हुए कहा कि, उनके पति कोई तज्ञ ज्योतिष्य नहीं है. हालांकि उनका आध्यात्मिक व धार्मिक क्षेत्र में अच्छा प्रभाव है. जिसके चलते राजनीतिक व सार्वजनिक क्षेत्र में सक्रिय रहनेवाले कई लोग उनके पति के पास सलाह और आशीर्वाद के लिए आते है. साथ ही उनके पति की समाज में अच्छी-खासी छवि है. जिसे खराब करने के लिए उनके पति के ही कुछ करीबी लोगों ने उनके पति के खिलाफ साजिश रची है, ताकि उनकी प्रतिमा व साख को मलिन किया जा सके. फिलहाल पुलिस और एसआईटी इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही हैं. आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.





