नये सीईओ सत्यम गांधी ने संभाला पद
सर्वप्रथम विविध विभाग प्रमुखों से संवाद

* योजनाओं और कार्यक्रमों की ली जानकारी
अमरावती/ दि.6- मिनी मंत्रालय अर्थात जिला परिषद के नये मुख्य कार्य पालन अधिकारी सत्यम गांधी ने आज यहां पदसूत्र ग्रहण किए. प्रशासकीय फेर बदल अंतर्गत राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने हाल ही में अमरावती और सांगली दो जिलों के परस्पर स्थानांतरण देखे गये. सत्यम गांधी अमरावती में पदसूत्र ग्रहण करने से पहले सांगली- मीरज- कूपवाड महापालिका में आयुक्त के रुप में कार्यरत थे. अमरावती की जिप सीईओ संजीता मोहपात्रा को उनके स्थान पर सांगली मनपा का आयुक्त बनाया गया है.
* अधिकारियों ने किया स्वागत
सत्यम गांधी ने आज पूर्वान्ह 10.30 बजे पदभार ग्रहण किया. जिला परिषद अधिकारियों और कर्मचारियों ने नये सीईओ गांधी का स्नेहिल स्वागत किया. उन्हें पुष्पगुच्छ और शुभकामनाएं प्रदान की. पद ग्रहण करते ही सत्यम गांधी कार्यालय के विविध विभागों के प्रमुखों से मिले. उनसे जिला परिषद द्वारा क्रियान्वित केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी ली. उसी प्रकार जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम घटक तक पहुंचाने का मानस सत्यम गांधी ने व्यक्त किया.
* गांव देहातों के विकास पर बल
सत्यम गांधी ने कहा कि, उनका लक्ष्य देहाती भागों का विकास तो है ही. साथ ही गांव-कस्बों और बस्तियों में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधा उपलब्ध करवाना है. वे स्वास्थ्य संबंधी बातों को प्राथमिकता देंगे. इस समय जिला परिषद के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे. निवर्तमान सीईओ संजीता मोहपात्रा को स्नेहिल विदाई दी गई. संजीता मोहपात्रा के शानदार कार्यकाल का भी उल्लेख अधिकारियों ने किया. बल्कि उनका कहना रहा कि, सीईओ के रुप में संजीता मोहपात्रा ने सक्षम, समर्थ अधिकारिक के रुप में काम किया. अपनी कल्पनाशीलता से गांव-देहांतों की शालाओं को सुदृढ बनाया. जिला परिषद स्कूलों में पढने वाले बच्चों को उडानों से इसरो की सैर कराई. उनकी कल्पना को नये पर दिये.
* सबसे युवा ऑफिसर
अमरावती जिला परिषद के इतिहास में सत्यम गांधी सबसे युवा आईएएस अधिकारी सीईओ नियुक्त हुए हैं. मूलरुप से बिहार के समस्तीपुर जिले के सत्यम गांधी 2021 बैच के आईएएस हैं. उन्होंने महाराष्ट्र काडर चुना था. उन्होंने अपने दादा का सपना पूरा किया.





